भीलवाड़ा। बेटी के किए से आहत एक पिता ने अपनी जीवित पुत्री को ‘मृत’ मानकर उसका शोक संदेश छपवाकर तीये की बैठक का आयोजन कर दिया। मामला भीलवाड़ा जिले के शक्करगढ़ का है। जहां एक बेटी ने परिवार के खिलाफ जाकर शादी की है। इस मामले में शाहपुरा के एएसपी राजेश आर्य ने बताया कि लड़की ने लगभग 8 महीने पूर्व आर्य समाज में अन्य लड़के से शादी की थी। अब हाल ही में लड़की अपने घर माता-पिता के पास आई थी। इसी दौरान यह मामला सामने आया है।
यहां स्थानीय पुलिस ने थाने में लड़की को परिजनों से मिलवाया और काफी समझाने का प्रयास भी हुआ, लेकिन वह युवक के साथ रहने पर अड़ी रही। कानूनन बालिग लड़की को उसकी मर्जी के साथ जाने की अनुमति है। दोनों ने पुलिस से सुरक्षा मांगी है. परिजनों की ओर से शोक संदेश छपवाना उनका निजी और भावनात्मक निर्णय है।
जानकारी के अनुसार पिता ने अपनी बेटी को उच्च शिक्षा के लिए जयपुर भेजा था। इस बीच लड़की ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध अन्य समाज के युवक के साथ शादी कर ली। पुलिस की ओर से दस्तयाब किए जाने के बाद थाने में पिता ने अपनी बेटी से घर लौटने के लिए काफी मिन्नतें की। इसके बाद भी बेटी युवक के साथ जाने के फैसले पर अड़ी रही।
बेटी के रुख से आहत पिता ने अब उसे हमेशा के लिए त्याग दिया और से छपवाए गए शोक पत्र में बेटी की फोटो के साथ 20 मार्च 2026 को उसका ‘स्वर्गवास’ दर्शाया गया है। इसमें 22 मार्च को तीये की बैठक और 31 मार्च को ब्रह्मभोज का कार्यक्रम घोषित किया गया है। कार्ड के नीचे शोक संतप्त में पिता सहित पूरे परिवार का नाम भी लिखा गया है।