नई दिल्ली / जयपुर । ईरान से जुड़े युद्ध जैसे हालात के बीच जहां पहले से ही एलपीजी संकट देखने को मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर तेल कंपनियों ने शुक्रवार को प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए हैं। जबकि औद्योगिक उपयोगकर्ताओं को बेचे जाने वाला थोक डीजल लगभग 22 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है।
20 मार्च 2026 से तेल विपणन कंपनियों ने एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रीमियम पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस ईंधन पर प्रति लीटर 2 रुपये से लेकर 2.35 रुपये तक का इजाफा किया गया है। बीपीसीएल के स्पीड, एचपीसीएल के पॉवर और आईओसीएल के XP95 की कीमतें 2.09 रुपये से 2.35 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ गई हैं।
प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में दो रुपये से अधिक की बढ़ोतरी के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अब इसकी कीमत 103.92 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, पुणे में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 113.77 रुपये हो गई है। वैश्विक स्तर पर ईरान में चल रहे संघर्ष की वजह से कच्चे तेल की कीमतें 119 डॉलर प्रति बैरल के पार जा चुकी हैं।
यह मूल्य वृद्धि केवल उच्च गुणवत्ता वाले प्रीमियम पेट्रोल तक ही सीमित रखी गई है। अगर आप अपने रोज़मर्रा के सफर के लिए अपनी गाड़ी में सामान्य पेट्रोल भरवाते हैं, तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। ओएमसी ने साफ किया है कि रेगुलर पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने इंडस्ट्रियल डीजल की कीमत में भारी बढ़ोतरी करते हुए इसे 87.57 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 109.59 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। यह 25 प्रतिशत से भी ज्यादा की बड़ी बढ़ोतरी है।