कॉकरोच के बाद अब मैदान में E 20 जनता पार्टी का कैंपेन

नई दिल्ली । अभी तो केंद्र सरकार कॉकरोच जनता पार्टी से निपटकर फ्री हुई और इसी के साथ अब E 20 पेट्रोल और आरक्षण के खिलाफ सोशल मीडिया अभियान तेज हो गया है।
दरअसल नीट परीक्षा को लेकर चले लम्बे आंदोलन की वजह से चर्चा से गायब हो चुके ई20 पेट्रोल का नाम एक बार फिर से चर्चा में आ गया है। कॉकरोच जनता पार्टी ने जहां नीट पेपर लीक को लेकर सरकार को घेरा, जिसकी वजह से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। अब इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर एक नई पार्टी उतर आई है। नाम है E20 जनता पार्टी इस पार्टी की मांग है कि देश के लोगों को E20 के साथ 100 फीसदी शुद्ध पेट्रोल खरीदने का विकल्प मिलना चाहिए।

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक पोस्ट के अनुसार, E20 जनता पार्टी खुद को नागरिकों की ओर से चलाया जा रहा एक उपभोक्ता का अधिकार अभियान बताती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इसके लिए एक हैंडल बनाया गया है। पार्टी कहना है कि, फ्यूल पॉलिसी में पारदर्शिता, सही जानकारी और उपभोक्ताओं की पसंद का सम्मान होना चाहिए। उनका कहना है कि जैसे दूसरे उत्पाद में लोगों को विकल्प मिलता है, वैसे ही पेट्रोल खरीदते समय भी ग्राहकों को अपनी पसंद चुनने का अधिकार मिलना चाहिए।
E20 जनता पार्टी की सबसे प्रमुख मांग यह है कि देश के हर पेट्रोल पंप पर E20 के साथ 100 फीसदी शुद्ध पेट्रोल भी मुहैया कराया जाए। सोशल मीडिया हैंडल से किए गए पोस्ट के मुताबिक, किसी सब्सिडी, फ्री फ्यूल या इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को बंद करने की मांग नहीं कर रहे हैं। वे सिर्फ इतना चाहते हैं कि ग्राहकों को अपनी जरूरत के मुताबिक से पेट्रोल चुनने का अधिकार मिले।
पार्टी का कहना है कि कई गाड़ी मालिकों ने माइलेज में कमी, इंजन की खराबी, मेंटेनेंस खर्च और लंबे समय में इंजन पर असर को लेकर चिंता जताई है। इसके अलावा उन्होंने हर तरह के तेल की साफ लेबलिंग, अलग-अलग मिश्रित तेल के फायदे और नुकसान से जुड़ा डेटा सार्वजनिक करने, इंजन पर असर, माइलेज, प्रदूषण और मेंटेनेंस लागत पर इंडिपेंडेंट रिसर्च कराने और उसकी रिपोर्ट लोगों के सामने रखने की भी मांग की है। पार्टी का कहना है कि नागरिकों को पूरी जानकारी देकर फैसला लेने का अधिकार मिलना चाहिए, न कि सिर्फ एक ही विकल्प दिया जाए।

E20 जनता पार्टी का तरीका काफी कुछ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की तरह है। यह भी सोशल मीडिया, मीम्स और व्यंग्य के जरिए लोगों का समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है। कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई 2026 में हुई थी, जो एक व्यंग्य अभियान के रूप में शुरू हुआ था, लेकिन बाद में नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में ये अभियान एक बड़े आंदोलन में तब्दील हो गया। इसमें देश भर से पहुंचे छात्रों और छात्र संगठनों ने भाग लिया।

E20 जनता पार्टी भी उसी शैली को अपनाती दिख रही है। इस पार्टी ने अभिजीत दिपके की 16 मई की एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “क्या होगा अगर सभी बाइक और कार मालिक एक साथ आ जाएं।” इससे पहले अभिजीत दिपके ने लिखा था, “क्या होगा अगर सभी कॉकरोच एक साथ आ जाएं।” इसी शैली को आगे बढ़ाते हुए E20 जनता पार्टी लोगों को जोड़ने की कवायद कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *