जयपुर। Zen G की चर्चाओं के बीच जयपुर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने युवाओं पर पूरा भरोसा जताया है। यही कारण है कि टिकट वितरण में युवाओं को ज्यादा मौका दिया गया है। कांग्रेस के 150 वार्डों में जो उम्मीदवारी तय की है, ओर अगर युवाओं की बात की जाए, तो औसत आयु सिर्फ 37 साल आ रही है। यानी पार्टी ने 50% टिकट युवाओं को देने की बात कही थी,लेकिन उससे कहीं ज्यादा टिकट पार्टी ने युवाओं को दिए हैं।
हालांकि पार्टी ने अपने वादे के खिलाफ नगर निगम चुनाव में हेरिटेज नगर निगम का बोर्ड गिराने वाले 8 में से 2 पार्षदों को कांग्रेस ने फिर से टिकट दे दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने सोमवार शाम को कहा कि पार्टी की पहली प्राथमिकता जीत है। लोकतंत्र में सबसे बड़ा मेरिट यही है कि जो जनता का विश्वास जीतकर चुनाव जीत सके, उसे मैदान में उतारा जाए। परिस्थितियों के अनुसार फैसलों में आगे-पीछे होना पड़ा, लेकिन अंतिम सूची में 150 जिताऊ चेहरों को उतारने का प्रयास किया गया है।
कांग्रेस ने किशनपोल में पिछली बार बोर्ड गिराने वाले पार्षद अरविंद अमेठी की पत्नी और अन्य पार्षद जकरिया शेरम को फिर टिकट दिया है। इस बीच पूर्व जिलाध्यक्ष आरआर तिवाड़ी के आरोपों पर शर्मा ने कहा कि चयन प्रक्रिया में तिवाड़ी से लगातार चर्चा हुई है, हर प्रत्याशी पर सहमति ली गई है और समन्वय रखा गया है. तिवाड़ी का सहयोग और समर्थन रहा है।
टिकट वितरण में किसी व्यक्ति का दबाव नहीं था, नाम कई तरह के इनपुट, स्थानीय फीडबैक और सर्वे के बाद तय हुए हैं. हवामहल विधानसभा क्षेत्र से उनका व्यक्तिगत जुड़ाव रहा है, वे यहीं पैदा हुए और बड़े हुए हैं, इसलिए समीकरणों को अच्छी तरह समझते हैं। हवामहल के टिकटों को लेकर हजारों इनपुट लिए गए और गंभीर मंथन के बाद नाम तय किए गए हैं।
शर्मा ने कहा कि 150 वार्डों के लिए करीब 3000 आवेदन आए थे, ऐसे में कई दावेदारों को टिकट न मिलना स्वाभाविक है। बहुतों ने निर्दलीय फॉर्म भरा है, अन्य नेताओं के साथ मिलकर आगामी तीन दिन तक उन्हें मनाने की कवायद होगी. पूरा फोकस नाराज लोगों को साथ लाने पर है।
औसत आयु 37 वर्ष, 51 महिलाओं को टिकट: शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को ज्यादा मौके दिए गए हैं, ज्यादातर प्रत्याशियों की औसत आयु 37 वर्ष है। सूची में अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलन है, जोश और होश दोनों हैं। 150 में से 51 महिलाओं को टिकट दिया गया है, यानी 33 प्रतिशत से भी थोड़ा ज्यादा। शर्मा ने कहा कि जयपुर में बदलाव नहीं क्रांति आने वाली है।
हाल की रैलियों में उमड़ी भीड़ इसका संकेत है। नगर निगम होने के बावजूद मूलभूत सुविधा नहीं मिल रही, टैक्स के नाम पर लाखों वसूले जा रहे हैं. अब कचरा उठाने का टैक्स लिया जा रहा है, जिससे आर्थिक बोझ पड़ रहा है। जनता निगम की व्यवस्थाओं से नाराज है और यही नाराजगी वोट में बदलेगी। इस बार कांग्रेस का बोर्ड बनेगा, महापौर और उपमहापौर के कई चेहरे हैं।
कांग्रेस का पोल खोल अभियान: पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि भजनलाल शर्मा जयपुर से विधायक और मुख्यमंत्री हैं फिर भी विकास नहीं हो रहा, कांग्रेस सरकार की योजनाएं बंद कर दी गई हैं। खुद मुख्यमंत्री के क्षेत्र सांगानेर की स्थिति बदली है, इसलिए शहर कांग्रेस मंगलवार से पोल खोल अभियान शुरू कर रही है। शुरुआत सांगानेर से होगी. आठों विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग दिन अभियान चलेगा।