रोड़ी मिक्सर हाईटेंशन से छूते ही करंट दौड़ा,8 मजदूरों की मौत, पीएम ने मुआवजे की घोषणा की

झुंझुनू । जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान हुए हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई। इसके बाद यहां गाँव में हड़कंप मच गया और ग्रामीण धरने पर बैठ गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए जहां मृतकों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। वही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा,पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने भी घटना पर गहरा शोक जताया है। मंत्री झाबरसिंह खर्रा को घटनास्थल पर भेजा गया है।

यह दुर्घटना उस समय पर हुई, जब सड़क निर्माण चल रहा था और यहां रोड़ी मिलाने वाली मशीन 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। इस दौरान अचानक करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 घायल हो गए। छापोली में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लिया संज्ञान लेते हुए घायलों के त्वरित और बेहतर उपचार के निर्देश दिए। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की ओर से हादसे के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को उचित सहायता देने की मांग की जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि राजस्थान के झुंझुनू में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं. घायल लोग जल्द स्वस्थ हों। जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

घटना को लेकर उदयपुरवाटी थानाधिकारी रामपाल ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे सड़क निर्माण के दौरान रोड़ी-बजरी मिलाने वाली कंक्रीट मिक्सर मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। बिजली का तार मशीन के हाइड्रोलिक जैक से छू गया, जिससे मशीन में तेज करंट दौड़ गया। इस दौरान वहां काम कर रहे मजदूर करंट की चपेट में आ गए।

झुंझुनू जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने बताया कि उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में ग्रामीणों की ओर से जनसहयोग से सड़क का निर्माण करवाया जा रहा था। सड़क निर्माण के लिए मौके पर रोड़ी मिलाने वाली मशीन लगाई गई थी। इसी दौरान मशीन का संपर्क ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से हो गया। हाईटेंशन के संपर्क में आते ही मशीन में करंट फैल गया और आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसा कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क पर हुआ और अचानक करंट फैलने से मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इस दर्दनाक हादसे ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

झुंझुनू जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने बताया कि उन्हें फोन पर छापोली में सड़क निर्माण के दौरान हुए हादसे की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव के लोग जनसहयोग से सड़क का निर्माण करवा रहे थे। इसी दौरान निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीन हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। करंट की चपेट में आने से शुरुआत में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद उपचार के दौरान तीन अन्य लोगों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में कुल 8 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 3 लोग गंभीर हालत में बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद जिला कलेक्टर घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। हादसे की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक भगवानाराम सैनी ने भी घटना पर दुख जताया और बताया कि वे घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। वहीं, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ने हादसे को दुखद बताते हुए घटना पर संवेदना व्यक्त की है।
झुंझुनू में हुए करंट हादसे को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल ने सोशल मीडिया प्लेटफर्म एक्स पर दुख जताते हुए लिखा कि हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी झुंझुनू में हुए हादसे को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा किे उदयपुरवाटी में छापोली में कई मजदूरों की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत बेहद दुखद और मार्मिक है। इस पूरे प्रकरण की जांच आवश्यक है कि सड़क निर्माण के समय हुआ यह हादसा कैसे हुआ और इन मौतों के लिए कौन जिम्मेदार है। इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों पर क्या बीत रही होगी ये सोच कर मन व्यथित है। सरकार को मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और हर संभव सहायता उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करना चाहिए। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति दें।
हादसे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक्स पर लिखा कि ‘झुंझुनू के छापोली (उदयपुरवाटी) में सड़क निर्माण के दौरान करंट की चपेट में आने से 8 श्रमिकों की दर्दनाक मृत्यु और कई लोगों के घायल होने की खबर अत्यंत दु:खद एवं हृदयविदारक है। ये केवल हादसा नहीं, कई परिवारों के जीवन में आया ऐसा अंधकार है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। आखिर सड़क निर्माण के दौरान इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई? हादसे के लिए जिम्मेदार कौन हैं? इसकी निष्पक्ष जांच कर जवाबदेही तय करना जरूरी है। मेरी सरकार से मांग है कि मृतकों के परिवारजनों को उचित मुआवजा देकर संबल प्रदान करें। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *