युवाओं को सुनना और समझना समय की आवश्यकता : रघुवेंद्र मिर्धा

युवाओं को सुनना और समझना समय की आवश्यकता : रघुवेंद्र मिर्धा

नागौर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं राजस्थान कांग्रेस विचार विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी रघुवेंद्र मिर्धा ने कहा कि युवाओं के साथ सार्थक संवाद केवल अपनी बात रखने का नहीं, बल्कि उनकी बात सुनने का माध्यम होना चाहिए। इसी उद्देश्य से आयोजित #NagaurSeSamvad के प्रथम सत्र में विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनकी आकांक्षाओं, आवश्यकताओं, भविष्य को लेकर उम्मीदों, तैयारी की चुनौतियों तथा विभिन्न आशंकाओं को समझने का प्रयास किया गया।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन के बेहतर तरीकों, उपलब्ध संसाधनों, बढ़ती प्रतिस्पर्धा, रोजगार की संभावनाओं तथा भविष्य को लेकर अपनी चिंताओं और सुझावों को खुलकर साझा किया। विद्यार्थियों ने कहा कि उन्हें केवल अवसर ही नहीं, बल्कि मार्गदर्शन, संवाद और सुने जाने का विश्वास भी चाहिए।

रघुवेंद्र मिर्धा ने कहा कि हाल ही में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा कोटा में विद्यार्थियों के साथ किया गया संवाद शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाने का महत्वपूर्ण प्रयास था। पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और युवाओं के भविष्य से जुड़े प्रश्न आज लाखों विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों की चिंता का विषय हैं।

उन्होंने कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनकी शिक्षा, कौशल और अवसरों में निवेश करना राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

मिर्धा ने कहा कि नागौर का युवा जागरूक, संवेदनशील और अपने भविष्य को लेकर गंभीर है। युवाओं के विचारों को सुनने और उन्हें रचनात्मक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से यह संवाद आगे भी जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *