गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम और महंगाई के खिलाफ जयपुर कलेक्ट्रेट पर बड़ा प्रदर्शन

गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम और महंगाई के खिलाफ जयपुर कलेक्ट्रेट पर बड़ा प्रदर्शन

जनता के हक की आवाज बने खाचरियावास,गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने पर और महंगाई को लेकर सड़कों पर खाचरियावास का संघर्ष

जयपुर। बढ़ती महंगाई और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में आज कलेक्ट्रेट सर्किल पर पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका गया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खाचरियावास ने कहा कि केवल कलेक्ट्रेट सर्किल ही नहीं बल्कि सिविल लाइंस, आदर्श नगर, किशनपोल और अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी कांग्रेस कार्यकर्ता गैस सिलेंडर के बढ़े दामों के विरोध में पुतले दहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो मुद्दे उठाए थे, आज वही सच साबित हो रहे हैं।

खाचरियावास ने कहा कि जब बाजार में गैस सिलेंडर की कमी है और लोगों को सिलेंडर मिल ही नहीं रहा, तो ऐसे समय में दाम बढ़ाना आम जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार देखा जा रहा है कि सरकार जनता को रोटी और गैस जैसी बुनियादी जरूरतें भी उपलब्ध नहीं करा पा रही और ऊपर से कीमतें बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में कांग्रेस सरकार ने ने गरीबों, ऑटो चालकों, रिक्शा चालकों और दिहाड़ी मजदूरों को राहत देने के लिए विशेष पैकेज जारी किए थे। कई परिवारों को 20 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी गई थी। आज भी ऑटो चालकों, दिहाड़ी मजदूरों और छोटे व्यापारियों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है, इसलिए केंद्र सरकार को तुरंत राहत पैकेज जारी करना चाहिए।

खाचरियावास ने कहा कि यह आंदोलन केवल जयपुर तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई और गैस के बढ़ते दामों के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी डरने वाली पार्टी नहीं है और यदि कार्यकर्ताओं पर किसी प्रकार का दबाव या अन्याय किया गया तो कांग्रेस मजबूती से उसका सामना करेगी।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के इस संकटपूर्ण समय में कांग्रेस पार्टी देश के हित में भारत सरकार के साथ खड़ी है, लेकिन देश के स्वाभिमान और जनता के हितों से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। कांग्रेस का यह आंदोलन आम जनता की आवाज बनकर आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *