तत्काल गिरदावरी कर किसानों को समयबद्ध मुआवजा दे सरकार

 

तत्काल गिरदावरी कर किसानों को समयबद्ध मुआवजा दे सरकार- हरीश चौधरी

– पूर्व कैबिनेट मंत्री व बायतु विधायक हरीश चौधरी ने फ़सल खराबे को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखक़र की गिरदावरी व राहत पैकेज की मांग

जयपुर/ बाड़मेर। थार क्षेत्र के बाड़मेर, जैसलमेर सहित आसपास के जिलों में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बायतु विधायक हरीश चौधरी ने इस आपदा को किसानों के लिए “बेरहमी से कम नहीं” बताते हुए गहरी चिंता व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जीरा, ईसबगोल, सरसों और रायड़ा जैसी रबी फसलें कटाई के लिए तैयार थीं, लेकिन अचानक हुई बारिश ने हजारों किसानों की लहलहाती फसलों और उनकी उम्मीदों को बर्बाद कर दिया। यह केवल आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि किसानों के उस विश्वास और भविष्य पर भी चोट है, जो उन्होंने कर्ज लेकर बोए गए बीजों और अपने परिवार की जिम्मेदारियों से जोड़ा था। हरीश चौधरी चौधरी ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने भजन लाल शर्मा को पत्र लिखकर मांग की है कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल गिरदावरी करवाई जाए, नुकसान का सटीक आकलन किया जाए, किसानों को पर्याप्त एवं समयबद्ध मुआवजा दिया जाए।

उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि इस प्राकृतिक आपदा को गंभीरता से लेते हुए किसानों को राहत देने के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की जाए, ताकि अन्नदाता को इस संकट की घड़ी में सहारा मिल सके। चौधरी ने बताया कि किसान केवल फसल नहीं उगाता, वह अपने परिवार के सपनों और देश की खाद्य सुरक्षा का आधार तैयार करता है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह हर प्रभावित किसान के साथ खड़ी दिखाई दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *