नवाब दादा कायम खां शहादत दिवस पर सम्मान समारोह रविवार को

जयपुर। मौलाना अबुल कलाम आजाद वेलफेयर सोसायटी, राजस्थान की ओर से नवाब दादा कायम खां शहादत दिवस के अवसर पर 14 जून को राजधानी जयपुर में सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम कॉन्स्टीट्यूशन क्लब, विधानसभा के पास, सुबह 10 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान वक्फ बोर्ड चेयरमैन डॉ खानू खान बुधवाली की और से किया जा रहा है।

आयोजनकर्ता बुधवाली ने बताया कि नवाब दादा कायम खां की शहादत को नमन करते हुए उनके साहस, राष्ट्रसेवा, बलिदान और आदर्शों को याद किया जाएगा। साथ ही समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं एआईसीसी महासचिव एवं राज्यसभा सांसद मुकुल वासनिक समारोह की अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सांसद राहुल कस्वां, सांसद इमरान मसूद, पूर्व मंत्री अशोक चांदना, विधायक रफीक खान, हाकम अली, अमीन कागजी और जाकिर हुसैन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, राष्ट्रीय एकता और प्रतिभा सम्मान को बढ़ावा देने का भी माध्यम बनेगा।

राजस्थान वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. खानू खान बुधवाली ने समाज के लोगों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर नवाब दादा कायम खां के योगदान को याद करने और सम्मान समारोह का हिस्सा बनने की अपील की है। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, राष्ट्रनिर्माण एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृ ष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को ‘कायम रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन समाज की प्रेरणादायी विभूतियों के सम्मान के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *