कॉकरोच कल जयपुर में करेंगे विरोध – प्रदर्शन

 

जयपुर। पेपरलीक मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी की राजस्थान में प्रदर्शन करेगी। पार्टी युवाओं के मुद्दों पर सोमवार को जयपुर से धरना-प्रदर्शनों की शुरुआत करने जा रही है। पार्टी की ओर से सोमवार दोपहर 3 बजे पुलिस कमिश्नरेट के पास स्थित शहीद स्मारक पर धरना दिया जाएगा। पहले इनको अनुमति देने से मना कर दिया गया था, लेकिन रविवार को पुलिस ने विरोध – प्रदर्शन की अनुमति दे दी।

प्रदर्शन को लेकर रविवार को मीडिया से बात करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया कि कई प्रयासों के बाद राजस्थान पुलिस ने सोमवार दोपहर 3 बजे शहीद स्मारक पर प्रदर्शन की अनुमति दी है। हम संवैधानिक दायरे में रहकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने राजस्थान के तमाम युवाओं से अपील की कि शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए हमारी लड़ाई है, मिलकर आवाज उठाएं।

उन्होंने कहा कि आंदोलन की शुरुआत केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग से होगी। रांका ने बताया कि पिछले 5 दिनों से लगातार पुलिस से संपर्क में थे। शनिवार रात अनुमति नहीं मिली थी, लेकिन अब चर्चा के बाद अनुमति मिल गई है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्थाओं, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और सीमित रोजगार के अवसरों के खिलाफ देशव्यापी जन आंदोलन की बात कही।

उन्होंने याद दिलाया कि 6 जून को दिल्ली में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ा धरना किया गया था, जिसमें हजारों युवाओं ने भाग लिया। जब तक युवाओं के साथ हो रहे अन्याय पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। रांका ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी राजस्थान में अपना विस्तार कर रही है। आने वाले दिनों में राज्य के विभिन्न स्थानों पर धरने-प्रदर्शन और जनजागरण अभियान चलाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *