जूली ने कहा – सरकार में काम हो या नहीं, लेकिन ब्रांडिंग होनी चाहिए

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार की पूर्व की बजट घोषणाएं पूरी नहीं होने पर सरकार को जमकर घेरा।
जूली ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार में काम हो या नहीं, लेकिन बढ़-चढ़कर ब्रांडिंग होनी चाहिए। इस ब्रांडिंग के लिए 8 करोड़ रुपए का ठेका दिया हुआ है, रात 12 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय से लौटते हैं और उसकी रील बनती है। प्रधानमंत्री तो 24 घंटे काम करते हैं लेकिन अगर इनका यूट्यूब चैनल देखा जाए तो उस पर 100 लोग भी नहीं देखते हैं, यहां तक कि भाजपा के 115 विधायक भी नहीं देखते हैं। नेता प्रतिपक्ष ने चुटकी लेते हुए कहा कि राजस्थान में डीजीपी चले गए, मुख्य सचिव चले गए और मुख्यमंत्री का प्रिंसिपल सेक्रेटरी भी चला गया। अब किसका नंबर है, कहीं अब सीएम नहीं बदल जाए. सीएम तो यही रहने चाहिए। हम चाहते हैं कि सीएम पूरे 5 साल रहें. जूली ने कहा कि देश के एक बड़े उद्योगपति जयपुर में मुख्यमंत्री से मिलकर गए थे। उसके अगले दिन ही कैबिनेट की बैठक बुला ली। आप चाहो तो ‘मैं उसका नाम भी बता सकता हूं, विधायक दल की बैठक में एक मंत्री ने सरकार की हकीकत बता दी और कहा कि एक मंत्री की वजह से लोग गांव में घुसने नहीं देंगे’।
जूली ने सरकार पर तंज कसते कहा कि विधायकों की जनता नहीं सुनती, अधिकारियों की मंत्री नहीं सुनते, मंत्रियों की मुख्यमंत्री नहीं सुनते और मुख्यमंत्री कहते हैं कि उनकी कोई नहीं सुनता। इस पर संसदीय कार्य मंत्री ने आपत्ति की और दोनों की काफी देर तक नोकझोक भी हुई। जूली ने कहा कि इस सरकार में विधायकों को काम करने के लिए थानेदार के पैर पकड़ने पड़ रहे हैं। मंत्री खड़े रहते हैं और अधिकारी बैठे रहते हैं, कोई विधायक धरने की धमकी देता है, कोई विधायक कुछ कर रहा है, लेकिन हमारी सरकार में किसी विधायक को थानेदार के पैर छूने की जरूरत नहीं पड़ती थी।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपके कई विधायक दादागिरी कर रहे हैं, एक विधायक से तहसीलदार किस तरह से बात करता है, कोई गरीब या नया जनप्रतिनिधि और उसका मजाक उड़ाया जाता है। आपके मंत्रियों और राज्य मंत्रियों के बीच प्रधान हटाए जाने को लेकर विवाद चल रहा है, एक मंत्री पर पोल हटाए जाने को लेकर विवाद चल रहा है।
जूली ने भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि यह नया भारत है। यहां पर सनातन धर्म के श्रेष्ठ गुरु शंकराचार्य से भी डिग्री मांगी जा रही है और खुद की डिग्री का पता नहीं। शंकराचार्य खिलाफ बोले तो उनसे डिग्री मांग लो। जूली ने कहा कि जिन्हें पूजा करनी थी, वे देश चला रहे हैं, जिन्हें देश चलाना था, वे पूजा कर रहे थे. जूली ने राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ के एमओयू को लेकर कहा कि राइजिंग राजस्थान को लेकर सरकार किसी भी बात का जवाब नहीं दे रही कि अब तक कितने एमओयू धरातल पर उतरे हैं। ईस्टर्न कैनल परियोजना को लेकर सरकार कुछ नहीं बोल रही है।
जूली ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि ग्लोबल वार्मिंग की चेतावनी आई हुई है, आज के दौर में विशेष तौर पर दिल्ली एनसीआर के आसपास के इलाके पॉल्यूशन से घिरे हुए हैं। दिल्ली में तो सांस लेने में दिक्कत हो रही है, ‘मैं दो-तीन दिन के लिए चला गया था, तो मुझे अभी तक परेशानी है, लेकिन मैं मुख्यमंत्री को धन्यवाद देता हूं कि मुख्यमंत्री बार-बार दिल्ली जाते हैं और वहां के पॉल्यूशन को झेल रहे हैं, उनके गजब के फेफड़े हैं’।
कानून व्यवस्था का मामला उठाते हुए जूली ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी हुई है, कोई भी गैंगस्टर आता है, गोली मारकर चला जाता है। तीन दिन पहले ही सवाई माधोपुर में बकरी चराने गई एक महिला के पैर काटकर उसके चांदी के कड़े निकाल लिए, लेकिन सरकार किसी पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जूली ने कहा कि भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की तो जनसुनवाई हो रही है, लेकिन आम पब्लिक इसके लिए कहां जाएगी। गरीब व्यक्ति जिसके साथ अन्याय हो रहा है, उसे कहां न्याय मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *