मुख्यमंत्री ने कामकाज पर बहस की कांग्रेस की चुनौती स्वीकार की

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकार की दो साल की उपलब्धियां गिनाई और पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को सरकार के विकास के काम नहीं दिखते। उन्हें सरकार द्वारा लगाए जा रहे निशुल्क नेत्र जांच शिविर में अपनी आंखों की जांच करवानी चाहिए। उन्होंने पेपर लीक के मुद्दे पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को कठघरे में खड़ा किया। साथ ही भाजपा सरकार के दो साल में हुए विकास कार्यों पर विपक्ष की खुली बहस की चुनौती को स्वीकार करते हुए विधानसभा में चर्चा का प्रस्ताव रखा। इस पर स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहा कि बहस का दिन और समय बिजनस एडवाइजरी कमेटी तय करेगी। इस दौरान सत्ता पक्ष और प्रतिपक्ष के सदस्यों के बीच नोंक-झोंक भी हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दो साल पहले अर्थव्यवस्था आईसीयू में पड़ी थी। योजनाएं अधूरी और खजाना खाली था। कांग्रेस सरकार ने विरासत में भारी कर्जा दिया था। पंजाब के बाद सर्वाधिक कर्ज था। कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई थी. हमारी सरकार ने स्थिरता और गति दी। देश की सर्वोच्च आर्थिक रिपोर्ट हमारी सरकार के काम की गवाही दे रही है। यह वित्तीय अनुशासन और साफ नियत की गवाही दे रहा है। महंगाई पर लगाम लगाने से आम आदमी को राहत मिली है। कांग्रेस सरकार में सीएम सरकार बचाने दिल्ली जाते थे। आज हम दिल्ली जाते हैं, तो जनता के लिए सौगात लेकर आते हैं।
वे बोले, पिछले दो साल में 11 कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रदेश देश में अव्वल रहा है। पांच योजनाओं में दूसरे स्थान पर जबकि 9 योजनाओं में तीसरे स्थान पर रहा है। वे बोले, 1995 में अटल बिहारी वाजपेयी ने लोकसभा में कहा था कि आप भाजपा वालों से लड़ लीजिए, राम से मत लड़िए। वर्ना नुकसान होगा। आज भी कांग्रेस वीबीजी रामजी और रामजल सेतु का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि इसका नतीजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा।
सीएम बोले, हमारी सरकार ने 26 हजार करोड़ के काम ईआरसीपी में करवाए हैं। जो 2028 तक पूरे करवाने का लक्ष्य है। कांग्रेस ने 10 साल तक यमुना जल के नाम का फायदा लिया। कांग्रेस ने शेखावाटी की जनता को ठगा है। हमारी सरकार बनते ही हरियाणा से समझौता किया। अब डीपीआर का काम अंतिम चरण में है। कांग्रेस ने प्रदेश में सबसे ज्यादा शासन किया, लेकिन एक भी बड़ी योजना नहीं ला पाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जलजीवन मिशन की अवधि 2028 तक बढ़ा दी। कांग्रेस ने कुछ नहीं किया बल्कि इसे कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया। मंत्री तक जेल गए। कुछ और नाम सामने आएंगे। हम संशोधित समय में काम पूरा करेंगे।
भजनलाल ने कहा कि कांग्रेस धर्म नहीं अधर्म और असत्य के साथ है। हम किसानों का दर्द समझते हैं। कांग्रेस नेता ढकोसला करके किसान का दर्द नहीं समझ सकते हैं। कांग्रेस ने जाते-जाते बिना बजट प्रावधान घोषणाएं की और अब हमें कहती है कि उन्हें पूरा करें। एमएसपी पर सबसे ज्यादा गेहूं राजस्थान में खरीदा गया है। कठिन समय में सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों को 22 जिलों में दिन में बिजली मिल रही है। प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है। कमी विपक्ष की सोच में है। कांग्रेस सरकार में उन्हीं के विधायक ने बिजली के लिए धरना दिया। आज कहीं बिजली की कमी नहीं है।
उन्होंने कहा कांग्रेस सरकार काम अधूरा छोड़कर जिम्मेदारी हम पर छोड़कर चली गई। उनके समय के 1286 करोड़ रुपए के बकाया का भुगतान हमारी सरकार ने किया है। पिछली सरकार में सबसे ज्यादा युवा ठगे गए। हमने पेपर लीक, नौकरियों की लूट से मुक्ति दिलाने का वादा किया। एसआईटी का गठन किया। अब तक 140 एफआईआर दर्ज कर 428 आरोपी पकड़े गए हैं। यह सफाई अभियान जारी रहेगा। पहले मेहनत से पहले पहचान देखी जाती थी। मेहनती युवा लाइन में खड़ा रह जाता। तब युवाओं की याद नहीं आई। उस समय नैतिकता कहां थी। युवाओं को भाषण नहीं, निष्पक्ष परीक्षा चाहिए। आज युवाओं के लिए अवसरों का अंबार लगा है। हमारा संकल्प है कि भर्ती परीक्षा ईमानदारी से होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *