भाटी की उदयपुर कोर्ट में पेशी,न्यायपालिका पर भरोसा जताया

उदयपुर। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने शुक्रवार को एक प्रकरण की सुनवाई के सिलसिले में उदयपुर कोर्ट पहुंचकर अपने खिलाफ दर्ज मामले में पेशी दी। यहां मीडिया से बात करते हुए भाटी ने कहा कि यह मामला कोरोना काल के दौरान हुए छात्र आंदोलन से जुड़ा है।

भाटी ने आरोप लगाया कि छात्रहित में किए गए आंदोलनों को राजनीतिक रंग दिया गया और मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि ये प्रकरण राजनीतिक षड्यंत्र के तहत किए गए थे, लेकिन उन्हें कानून व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्हें न्याय जरूर मिलेगा। इस मामले को लेकर शुक्रवार देर शाम तक कोर्ट फैसला दे सकता है।
बाड़मेर में प्रस्तावित रिफाइनरी को लेकर पूछे गए सवाल पर भाटी ने कहा कि इस परियोजना का सीधा लाभ स्थानीय क्षेत्र को मिलना चाहिए। उन्होंने बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा को अपना परिवार बताते हुए भाटी ने कहा कि सभी ने अपने स्तर पर प्रयास किए हैं। अब परिणाम आने का समय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रिफाइनरी जल्द स्थापित होगी, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर भाटी ने कहा कि बाड़मेर की धरती पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। वहीं, उदयपुर में पिछले करीब 45 वर्षों से लंबित हाईकोर्ट बेंच की मांग पर उन्होंने कहा कि वकील लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं और वे स्वयं भी आने वाले समय में इस मांग को मजबूती से उठाएंगे, ताकि इसका जल्द समाधान निकल सके।

विधानसभा में प्रश्न समिति में अपनी नियुक्ति पर भाटी ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब जनहित के मुद्दों पर उठाए गए सवालों के जवाब समयबद्ध तरीके से मिल सकेंगे, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी। वहीं, छोटू सिंह रावणा से जुड़े मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाटी ने कहा कि समाज में सौहार्द बनाए रखना जरूरी है। सभी को मिलजुलकर रहना चाहिए, क्योंकि हम सब एक ही परिवार का हिस्सा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *