विधायक हरीश चौधरी भुणिया प्रकरण को लेकर जिला कलेक्टर से की मुलाकात
बाड़मेर। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बायतु विधायक हरीश चौधरी ने सोमवार को चौहटन क्षेत्र के भुणिया गांव में घटित गंभीर प्रकरण को लेकर जिला कलेक्टर से मुलाकात की। उन्होंने मामले में निष्पक्षता के साथ कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करने, नाबालिग पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने तथा पूरे घटनाक्रम की पारदर्शी और निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की।
हरीश चौधरी ने कहा कि सीमांत थार क्षेत्र सदैव शांति, भाईचारे और सामाजिक समरसता के लिए जाना जाता रहा है, जहाँ लोग बिना किसी जाति-धर्म के भेदभाव के एक-दूसरे के सुख-दुःख में साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा क्षेत्र में संगठित रूप से इस सौहार्दपूर्ण माहौल को बिगाड़ने और धार्मिक वैमनस्य फैलाने की साजिश की जा रही है जिसे किसी भी सूरत में सफल नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाते हुए आमजन में विश्वास कायम रखा जाए।
इस दौरान चौहटन के पूर्व विधायक पदमाराम मेघवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा, जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी एवं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र कड़वासरा भी मौजूद रहे।