बाड़मेर। पंचायत चुनाव की वोटिंग से ठीक पहले कांग्रेस प्रत्याशी के आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आत्महत्या करने वाले मोहनलाल बाड़मेर जिले के मांगता पंचायत समिति के वार्ड नंबर 8 से कांग्रेस उम्मीदवार थे। मोहनलाल ने मतदान से ठीक एक दिन पहले बुधवार को खुदखुशी कर ली।
डिप्टी बुधाराम बिश्नोई ने बताया कि घटना सदर थाना क्षेत्र के आलमजी का थान, उडासर गांव की है। आलमजी का थान निवासी मोहनलाल (45) पुत्र पूनमाराम बुधवार तड़के अपने खेत पर गए थे। वहीं खेत पर ही मोहनलाल ने खुदकुशी कर ली। आसपास के लोगों ने उनका शव पेड़ के पास देखा और परिवार एवं पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव गुड़ामालानी हॉस्पिटल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस आत्महत्या के कारण तलाश रही है। पुलिस उपाधीक्षक बुधाराम ने बताया कि पुलिस ने एफएसएल एवं एमओबी टीमें बुलाई और मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
इधर पंचायत समिति मांगता के रिटर्निंग अधिकारी वीरमाराम ने बताया कि पंचायत समिति के वार्ड 8 से कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल की असामयिक मृत्यु से निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति मांगता के वार्ड 8 में अब 2 प्रत्याशी मैदान में हैं। आरओ ने बताया कि पंचायत चुनाव में किसी उम्मीदवार की मतदान समाप्त होने के पहले मृत्यु होने पर चुनाव स्थगित नहीं होते, लेकिन किसी अभ्यर्थी की मृत्यु होने के बाद वहां चुनाव लड़ने वाला एक ही अभ्यर्थी बचता है तो रिटर्निंग अधिकारी नियम 73 के तहत उस पद के चुनाव को स्थगित कर देगा।
चुनाव से पहले कांग्रेस प्रत्याशी ने क्यों दी जान