अपनी ही सरकार के खिलाफ एबीवीपी सड़कों पर, छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग

जयपुर/जोधपुर/अजमेर। बीकानेर। प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर प्रदेश परमिट चल रहे कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के आंदोलन के बाद भारतीय जनता पार्टी के छात्र संगठन ने भी सड़क पर उतरकर अपनी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है। गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जयपुर में राजस्थान विश्वविद्यालय, जोधपुर में जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी और अजमेर में महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी के साथ ही बीकानेर में डूंगर कॉलेज के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र जुटे और छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। बाद में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।

जयपुर में राजस्थान विश्वविद्यालय के सामने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने बताया कि प्रदेश में लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रों का लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि छात्रों की आवाज है। ऐसे में चुनावों को लगातार टालना छात्रों के अधिकारों का हनन है।
छात्र नेताओं के अनुसार सरकार छात्र हितों की अनदेखी कर रही है। कई बार ज्ञापन देने और आंदोलन करने के बावजूद अब तक चुनाव बहाल करने को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। यदि सरकार जल्द सकारात्मक फैसला नहीं करती है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि हाल ही में छात्रसंघ चुनाव की बहाली को लेकर nsui के छात्रनेता शुभम रेवाड़ ने भी अनशन किया था। उनके अनशन के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आया और विभिन्न छात्र संगठनों ने भी चुनाव कराने की मांग को लेकर सक्रिय हो गए है। प्रदेश के कई विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्र लगातार चुनाव बहाल करने की मांग उठा रहे हैं
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली. पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन जारी रहने पर कई छात्रों को एहतियातन हिरासत में ले लिया गया। छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए जाते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा
जोधपुर में जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव प्रदेश में पिछले चार साल से बंद पड़े हैं,लेकिन सरकार इसको लेकर सक्रिय नहीं हो रही है। सरकार यह नहीं बता रही है कि इस चुनाव को नहीं करवाने के क्या कारण हैं ? क्या नेताओं को इस बात का डर है कि अगर युवा आगे आ गए, तो उनके बेटे नेता कैसे बनेंगे ? विश्वविद्यालय के नेता ही छात्रों के साथ साथ आमजन खासकर ग्रामीण परिवेश की आवाज उठाते हैं। अगर सरकार चुनाव नहीं करवाती है, तो छात्र सड़कों पर उतरेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
एबीवीपी के प्रांत मीडिया संयोजक ललित दाधिच ने बताया कि गत सरकार ने चुनाव बंद किए थे। गत विधानसभा चुनाव में भाजपा छात्रसंघ चुनाव करवाने का वादा कर सत्ता में आई थी, लेकिन आने के बाद यह भी पूर्ववर्ती सरकार की तरह ही काम कर रही है,लेकिन अब छात्रों ने तय किया है कि चुनाव करवाने है, इसलिए सड़कों पर उतर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *