जयपुर। पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा राजपूत हॉस्टल की दीवार फांदकर भीतर पहुंचे और वहां रह रहे विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हॉस्टल संचालन करने वाली समिति पर अनियमितता और मनमानी के आरोप लगाए। यह घटना बुधवार की है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गुरुवार को राजेंद्र गुढ़ा राजपूत सभा भवन पहुंचे। जहां उन्होंने अध्यक्ष पर मनमानी के आरोप लगाए। वे अपने समर्थकों के साथ धरने पर भी बैठे। मीडिया से बातचीत में भी राजेंद्र गुढ़ा ने राजपूत सभा भवन के अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
राजेंद्र गुढ़ा बोले, उन्होंने राजपूत हॉस्टल में रहकर पढ़ाई की. पहले इसका संचालन एक ट्रस्ट करता था. बाद में इसे राजपूत सभा भवन ने हथिया लिया. उस समय सबने सोचा की ये व्यवस्थाओं को ठीक करेंगे। आज करीब 30 साल हो गए हैं. उसमें रत्तीभर भी बदलाव नहीं हुआ है। उनका कहना है कि हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों से 50-50 हजार रुपए लिए जाते हैं। हॉस्टल की छत पर जाने की सीढ़ियां बंद कर दी गई हैं. हॉस्टल की दीवारों पर जेल की तरह कंटीले तार लगा दिए। जब वे विद्यार्थियों से मिलने गए तो गेट पर ताले लगा दिए गए।