थड़ी पर कपड़े प्रेस करता है,इनकम टैक्स ने दिया 598 करोड़ का नोटिस

 

अजमेर। वह लोगों के कपड़े धोने और प्रेस करने का काम करता है,लेकिन है तो वह करोड़पति। जी हां आयकर विभाग का नोटिस तो यही कह रहा है। अजमेर के रामनगर क्षेत्र में नाले के पास थड़ी लगाकर कपड़े प्रेस करने वाले जितेंद्र कुमार बडोलिया को आयकर विभाग ने 598 करोड़ का नोटिस थमाया है।

यह सिर्फ टैक्स का नोटिस है लेकिन लेने-देन कितने का होगा, इसका अंदाजा तो आयकर विभाग ही बता सकता है। नोटिस मिलने के बाद जितेंद्र के पैरों तले जमीन सरक गई। वकील से मिल कर जितेंद्र ने पड़ताल की तो सामने आया कि उसके गुम हुए पैन कार्ड का दुरुपयोग कर पाली के किसी कारोबारी ने डायमंड की खरीद के लिए लेन देन जितेंद्र के पेनकार्ड के माध्यम से किया है। इसके बाद पीड़ित जितेंद्र ने गंज थाने में पाली के कारोबारी शत्रुघ्न के नाम से मुकदमा दर्ज करवाया है।

वकील राकेश ठाडा ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 को आयकर विभाग ने कपड़े प्रेस करने वाले जितेंद्र बडोलिया को आयकर विभाग ने 598 करोड रुपए का नोटिस दिया है। नोटिस में 598 करोड 50 लाख 27 हजार 726 रुपए इनकम टैक्स जितेंद्र पर बकाया बताया गया। आयकर विभाग का नोटिस मिलने के बाद जितेंद्र और उसके परिवारजन के हाथ पैर फूल गए। वकील ने बताया कि इसके बाद जितेंद्र ने उनसे संपर्क किया, नोटिस को देखने के बाद इनकम टैक्स जाकर उसकी सच्चाई पता कि तो सामने आया कि जितेंद्र कुमार बडोलिया का पैन कार्ड कहीं गुम हो गया था, जिसका दुरुपयोग करके पाली निवासी शत्रुघ्न सिंह ने जीएसटी नंबर ले लिया और जितेंद्र कुमार के नाम से हीरे जवाहरात बेचना बताया गया।

केश ठाडा ने बताया कि 9 दिसंबर 2020 से लेकर 9 फरवरी 2021 तक तीन माह में 468 करोड़ का ट्रांजैक्शन दिखाया गया है। कुल मामला 598 करोड़ का है। उन्होंने बताया कि आयकर विभाग से मिले नोटिस का जवाब लीगल तरीके से दिया जाएगा। पीड़ित जितेंद्र कुमार बाड़ोलिया ने गंज थाने में मुकदमा भी दर्ज करवाया है, जिसकी जांच आना सागर पुलिस चौकी के इंचार्ज राजेंद्र को दी गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में संबंधित बैंक को भी नोटिस भेजा जाएगा।

पीड़ित जितेंद्र का कहना है कि वह माता-पिता से अलग रहकर लोगों के कपड़े प्रेस करने का काम करता है। रोज के करीब 500 से 700 रुपए वह कमाता है। उसने बताया कि कुछ साल पहले उसका पैन कार्ड कहीं गिर गया था, जिसका दुरुपयोग अवैध रूप से बैंक में खाता खोलने, जीएसटी नंबर लेने और करोड़ों रुपए ट्रांजैक्शन करने में किया गया है। आरोपी पाली निवासी शत्रुघ्न के खिलाफ गंज थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। वहीं, आयकर विभाग को नोटिस का जवाब भी दिया जा रहा है।
मामले की जांच कर रहे हैं गंज थाने में एएसआई राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि राजेंद्र कुमार की ओर से मुकदमा दर्ज करवाया गया है, जिसमें पैन कार्ड का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपए का अवैध रूप से ट्रांजैक्शन की शिकायत की गई है। आयकर विभाग ने उसे 598 करोड़ का नोटिस दिया है। जितेंद्र कुमार का कहना है कि वह लोगों के कपड़े प्रेस करता है। इसके अलावा उसका कोई कारोबार नहीं है. इस प्रकरण में मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *