जयपुर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नींदड़ आवासीय योजना में जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य के सानिध्य में हो रही रामकथा और 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ में शामिल हुईं। मुर्मू शुक्रवार को अमृतसर से वायुसेना के विशेष विमान से जयपुर पहुंचीं, जहां एयरपोर्ट पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अगवानी की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद दिखीं। जयपुर में राष्ट्रपति के काफिले में एक्सकोर्ट ड्यूटी के दौरान एक जवान कार में बैठते समय संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर पड़ा, हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं आई है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
एयरपोर्ट से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जयपुर के नींदड़ आवासीय योजना क्षेत्र पहुंचीं, जहां रामकथा और 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ में शामिल हुईं और आहुतियां दी। धार्मिक आयोजन स्थल पर राष्ट्रपति का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया गया। आयोजन स्थल सजाया गया था और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
राष्ट्रपति ने विधिवत पूजा की और देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। उनके साथ राज्यपाल बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने राष्ट्रपति से आयोजन और धार्मिक कार्यक्रमों के महत्व पर चर्चा की।