NEET पेपर लीक मामले में देश के युवाओं के साथ विश्वासघात

 

NEET पेपर लीक ने खोल दी डबल इंजन सरकार की पोल, युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों को बचाना बंद करो — प्रताप सिंह खाचरियावास

NEET पेपर लीक मामले में देश के युवाओं के साथ विश्वासघात हुआ — प्रताप सिंह खाचरियावास

जयपुर। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि National Testing Agency द्वारा आयोजित NEET परीक्षा को लेकर पूरे देश में जिस तरह पेपर लीक के आरोप सामने आए हैं, उससे करोड़ों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का विश्वास पूरी तरह हिल गया है।

खाचरियावास ने कहा कि कभी बयान बदले जा रहे हैं, कभी गिरफ्तारियों की खबरें सामने आती हैं, लेकिन आज तक सरकार देश के सामने सच्चाई स्पष्ट नहीं कर पाई है। अगर पेपर लीक हुआ है तो सरकार खुलकर स्वीकार क्यों नहीं कर रही? और अगर नहीं हुआ, तो बार-बार बयान बदलने की जरूरत क्यों पड़ रही है?

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य और उनकी मेहनत का सवाल है। लाखों छात्र दिन-रात मेहनत करते हैं और जब परीक्षा प्रणाली पर ही सवाल उठने लगें तो यह बेहद चिंताज है।

खाचरियावास ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कहानी बदलने, दिखावटी कार्रवाई करने और असली दोषियों को बचाने की कोशिश अब ज्यादा दिन नहीं चलेगी। देश का युवा जानना चाहता है कि आखिर किसे बचाया जा रहा है और पूरी सच्चाई सामने क्यों नहीं लाई जा रही।

खाचरियावास ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार केंद्र और राज्य दोनों जगह सरकार होने के बावजूद शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हुई है। डबल इंजन सरकार न पेपर लीक रोक पाई, न युवाओं का भरोसा बचा पाई और न ही अब तक सच्चाई सामने ला पाई।

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं का भरोसा दोबारा कायम हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *