जयपुर पुलिस की कामयाबी,1700 किलोमीटर पीछा कर गैंग को दबोचा

 

जयपुर। जयपुर पुलिस की टीम की ओर से लगातार 3 दिन तक करीब 1700 किलोमीटर गैंग का पीछाकर जयपुर के प्रॉपर्टी कारोबारी को छुड़ाने के साथ गैंग को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।

मामला राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा थाना एरिया से जुड़ा है। जहां पुलिस ने व्यापारी का अपहरण कर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए गैंग के मुख्य सरगना हार्डकोर आरोपी सैफू उर्फ सैफ अली उर्फ काला समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपह्रत व्यक्ति को आरोपियों के कब्जे से सकुशल बरामद किया गया है।

इस मामले में जयपुर पुलिस टीम ने लगातार 3 दिन तक करीब 1700 किलोमीटर तक गैंग का पीछा किया। पुलिस की टीम आरोपियों को पकड़ने के लिए दिल्ली रोड पर पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस से बचने के प्रयास में पुलिस की टीम और राहगीरों को टक्कर मारने का भी प्रयास किया। गैंग के सभी सदस्यों के पहले से लूट, फिरौती, हत्या का प्रयास, हथियार, मारपीट, अपहरण समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 21 अगस्त को परिवादी मोहम्मद ने झोटवाड़ा थाने में एक रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसके पिता संजय नगर तिराहा झोटवाड़ा पर काम से गए थे। काफी समय तक घर नहीं आए और फोन बंद आने पर काफी तलाश किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए, तो पता चला कि एक गाड़ी में कुछ लोग लेकर गए हैं।
उसी रात फोन से धमकी दी गई की पिताजी को जिंदा चाहते हो तो दो करोड़ रुपये हमारे बताए स्थान पर छोड़ देना। किसी प्रकार की चालाकी और पुलिस को सूचना दी, तो आपके पिताजी की लाश मिलेगी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी वेस्ट राजेश गुप्ता और एसीपी झोटवाड़ा शिवकुमार भारद्वाज के निर्देशन में झोटवाड़ा थाना अधिकारी रायसल सिंह शेखावत के नेतृत्व में स्पेशल टीमों का गठन किया गया।
पुलिस की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई गई। पुलिस की टीम में लगातार 3 दिन तक पीछा करते हुए आरोपियों को कोटपूतली से दस्तयाब करके पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अपह्रत व्यक्ति को सकुशल बरामद किया गया है. पुलिस ने आरोपी सैसैफू उर्फ सैफ अली उर्फ काला, नाजिम कुरैशी और जावेद हुसैन को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि पीड़ित व्यक्ति प्रॉपर्टी कारोबार के साथ बिल्डिंग बनाने का काम करता है। आरोपियों ने अवैध वसूली करने की नीयत से प्लान बनाकर पीड़ित का अपहरण किया। झोटवाड़ा के संजय नगर तिराहा से गाड़ी में बैठाकर अपने साथ मारपीट करते हुए ले गए। तीन दिन तक जयपुर शहर, टोंक, सवाई माधोपुर, कोटा, मध्य प्रदेश तक लेकर गए थे। पीड़ित के फोन से ही उसके घर वालों से दो करोड़ रुपये की फिरौती मांग रहे थे। पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के रूट और वाहन को चिन्हित करके तकनीकी सहायता से लगातार तीन दिन तक पीछा किया।

करीब 1700 किलोमीटर पीछा करके दिल्ली हाईवे पर कोटपूतली के पास अपह्रत व्यक्ति और आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस ने कोटपूतली पुलिस की मदद से आरोपियों घेराबंदी करके दबोच लिया। आरोपियों ने खेतों में भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा करके पकड़ लिया। पुलिस ने कोटपूतली बहरोड से पीड़ित को दस्तयाब करके तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के उपयोग में लिए गए वाहन को बरामद किया गया है. आरोपियों से हथियार और अन्य सामग्री भी जप्त की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *