जोधपुर। जयपुर के बाद जोधपुर में भी सीजेपी के कार्यकर्ताओं के साथ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मारपीट की है। जोधपुर के गांधी शांति प्रतिष्ठान में आयोजित ‘शिक्षा नई पीढ़ी के सवाल’ कार्यक्रम के दौरान सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका के पहुंचने पर मीडिया से नोकझोंक और एबीवीपी-भाजयुमो कार्यकर्ताओं के दीवार फांदकर घुसने के बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षा के बीच जयपुर रवाना कर दिया।
गांधी शांति प्रतिष्ठान में आयोजित इस कार्यक्रम में सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका तय समय से देरी से पहुंचे। उनके पहुंचने पर उनके समर्थकों और वहां मौजूद मीडियाकर्मियों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। इसके बाद आशुतोष हाथ में संविधान की किताब थामकर कार्यक्रम के अंदर शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता दीवार फांदकर अंदर घुसे ओर बाहर खड़े एक युवक के साथ मारपीट की और हॉल के अंदर जाने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और एबीवीपी संयोजक ललित दाधीच तथा भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता राजवीर बांता को पकड़कर बाहर निकाला। डीसीपी ईस्ट मनीष चौधरी ने बताया कि दीवार फांदकर अंदर घुसने वाले दो लोगों को डिटेन कर रातानाडा थाने में पूछताछ की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूलों के निरीक्षण को लेकर भी तीखी बहस हुई। आयोजकों ने कहा कि वे स्कूलों के हालात जानने के लिए निरीक्षण करना चाहते हैं, लेकिन सरकार इसकी अनुमति नहीं दे रही है।
हंगामे को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए कार्यक्रम समाप्त होते ही आशुतोष रांका को पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में जोधपुर से जयपुर के लिए रवाना कर दिया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीजेपी कार्यकर्ताओं का सोमवार को स्कूलों का दौरा करने का प्लान था।