रेशु गुप्ता को 24 घंटे में आर्थिक सहायता देकर न्याय नहीं किया तो,करेंगे मुख्यमंत्री निवास का घेराव
रेशु गुप्ता को न्याय और आर्थिक सहायता को लेकर खाचरियावास के नेतृत्व में सेंकड़ो कांग्रेस कार्यक्रताओ ने किया प्रदर्शन और मुख्यमंत्री का पुतला दहन
जयपुर ।पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में आज कलेक्ट्रेट सर्किल जयपुर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के क़ाफ़िले के दौरान गंभीर रूप से झुलसी रेशु गुप्ता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर राजस्थान सरकार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला दहन किया गया।
इस अवसर पर प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले के दौरान पुलिस की कार्रवाई में मोमोज का ठेला लगाने वाली रेशु गुप्ता गंभीर रूप से झुलस गई। उसके शरीर के संवेदनशील अंग तक जल गए, लेकिन घटना के बाद पुलिस उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय वहीं छोड़कर चली गई। यह पूरी तरह अमानवीय और शर्मनाक घटना है।
खाचरियावास ने कहा कि अब केवल बातें और घोषणाएं नहीं, बल्कि रेशु गुप्ता को न्याय और उसका अधिकार देना होगा। मुख्यमंत्री और उनकी सरकार की जिम्मेदारी है कि पीड़िता को तत्काल उचित आर्थिक सहायता, सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा, पुनर्वास और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को संबोधित करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री जी, जयपुर की बेटी रेशु गुप्ता के साथ हुई घटना अत्यंत दुखद और गंभीर है। आपकी सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मियों की कार्रवाई के कारण उसकी जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई है। उसे उचित आर्थिक सहायता, हर संभव चिकित्सा सुविधा और पुनर्वास उपलब्ध कराना तो दूर, आपकी सरकार ने उसकी सुध तक नहीं ली।”
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि सरकार का यह रवैया संवेदनहीनता को दर्शाता है और पीड़िता के साथ न्याय करने में गंभीर लापरवाही हुई है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही रेशु गुप्ता को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी और व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान रेशु गुप्ता को न्याय, उचित मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की गई तथा राजस्थान सरकार का पुतला दहन किया गया।
कार्यक्रम में प्रताप सिंह खाचरियावास के साथ ब्लॉक अध्यक्ष,नगरनिगम पार्षद, कांग्रेस प्रकोष्ठों के अध्यक्ष,पार्षद प्रत्याशी, वार्ड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत रेशु गुप्ता को न्याय दिलाने और उसे आर्थिक सहयता व उसका अधिकार दिलाने के संकल्प के साथ की गई।