जयपुर। राजधानी के मुहाना थाना इलाके में गुरुवार शाम को एक लापता हुए बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त 10 साल के अजमत के रूप में हुई है। वह पिछले 10 दिन से लापता था, जिसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज है। बच्चे की बॉडी डिकंपोज हो गई और सिर धड़ से अलग पड़ा हुआ था। घटना केश्यावाला गांव की है। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर बच्चे की शिनाख्त की है। शव मिलने के बाद बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुहाना थानाधिकारी गुरु भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान 10 साल के अजमत के रूप में हुई है। वह 14 जून से लापता था, जिसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज है। गुरुवार शाम को केश्यावाला गांव में दो खेतों के बीच तेज दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस ने जांच की तो नाले में बच्चे का शव सड़ी गली हालत में मिला। शव का सिर धड़ से अलग था, जिससे पहचान करना भी मुश्किल था। गुमशुदा बच्चे के हुलिए के आधार पर परिजनों को बुलाया तो उन्होंने कपड़ों से शिनाख्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाकर जांच शुरू कर दी है।