कांग्रेस का जयपुर में बड़ा प्रदर्शन,बीजेपी सरकार निशाने पर

जयपुर। राजधानी जयपुर में कांग्रेस ने कई वर्षों के बाद नगर निगम पर जोरदार और बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने जल भराव, गड्ढे, क्षतिगत सड़क, सहित कई अन्य समस्याओं को लेकर जयपुर शहर कांग्रेस की ओर से सोमवार को नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक धक्का मुक्की के बाद भीड़ हटाने के लिए वाटर कैनन चलाएं, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता वहां से पीछे हटने की बजाय वाटर कैनन के पानी में नहाने लगे। इस दौरान काफी देर तक कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम का मुख्यालय के बाहर ही जमे रहे और नारेबाजी करते रहे।

टोंक रोड पर नेहरू पैलेश के सामने से रैली के रूप से चले कांग्रेस कार्यकर्ताओं का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ जयपुर जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा ने किया। नगर निगम घेराव के कांग्रेस के बड़े प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने भी नगर निगम के चारों तरफ बैरिकेडिंग की थी। कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड तोड़ते हुए निगम मुख्यालय में घुसने का प्रयास कर रहे थे, जिस पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की होती रही। बाद में पुलिस ने दोनों तरफ से वाटर कैनन चलाकर भीड़ को हटाने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाया कि जयपुर में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार और प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। जेडीए और नगर निगम में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। भ्रष्टाचार और बेईमानी जैसे इन लोगों का जन्मसिद्ध अधिकार बन चुका है। जयपुर राजस्थान की राजधानी होने के साथ-साथ विश्व का प्रमुख पर्यटन स्थल भी है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक जयपुर आते हैं, लेकिन शहर की बदहाल सड़कों और अव्यवस्थाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर में चारों तरफ सड़कें टूटी पड़ी हैं और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। पुलिस अपराधों पर प्रभावी तरीके से अंकुश नहीं लगा पा रही है। उन्होंने कहा कि राजधानी जैसे शहर में इस तरह की स्थिति सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है। डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री सांगानेर से विधायक हैं, लेकिन सांगानेर की जनता आज भी कई समस्याओं से परेशान है।
डोटासरा ने सांगानेर में भू-माफिया के सक्रिय होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके में आम लोगों की जमीन और संपत्ति से जुड़े मामलों को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आ रही हैं। भू-माफिया इस कदर हावी हो गए हैं कि कोई पूछने वाला नहीं है। सांगानेर में मिनी सचिवालय बनाए जाने की घोषणा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पहले सरकार को क्षेत्र की मौजूदा समस्याओं का समाधान करना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर जनता में आक्रोश है। कांग्रेस के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और नेता जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान जब भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन चलाए तो पीछे हटने की बजाय कांग्रेस कार्यकर्ता वाटर कैनन के पानी में नहाने लगे। पुलिस को दोनों तरफ से कई बार कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए वाटर कैनन चलाना पड़ा, लेकिन कार्यकर्ता पीछे नहीं हटे। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद कार्यकर्ता वहां से चले गए। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान नगर निगम चुनाव का असर भी देखने को मिला। बड़ी संख्या में कांग्रेस का टिकट पाने के लिए उम्मीदवारी कर रहे कार्यकर्ता अपने-अपने समर्थकों को लेकर धरने प्रदर्शन में शामिल हुए थे।

कांग्रेस के प्रदर्शन के चलते टोंक रोड पर जाम की स्थिति बन गई. पुलिस ने टोंक रोड पर यातायात को डाइवर्ट कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद भी वाहन चालक ट्रैफिक जाम से जूझते हुए नजर आए। प्रदर्शन दौरान पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रोहित बोहरा, रफीक खान, अमीन कागजी, अर्चना शर्मा, पुष्पेंद्र भारद्वाज भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *