कोटा में रास्ते में रोककर युवक की हत्या

कोटा । यहां के उद्योग नगर थाना इलाके में मंगलवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते बाइक  से घर लौट रहे युवक की हत्या का मामला सामने आया है। बदमाशों ने हत्या से पहले युवक को रोका और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उस पर धारदार हथियार, लोहे के सरिये व डंडे से भी हमला किया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। युवक को स्थानीय लोग अस्पताल लेकर गए, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। उसके शव को एमबीएस अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

घटना की जानकारी देते हुए डीएसपी रुद्र प्रकाश शर्मा का कहना है कि मृतक की पहचान प्रेम नगर थर्ड जागा बस्ती निवासी शुभम के रूप में हुई है। यह घटना मंगलवार रात 11 बजे के आसपास की है। जानकारी में पता चला है कि युवक और हमलावरों का पहले से ही विवाद चल रहा है। उनके बीच पहले भी लड़ाई झगड़े हो चुके हैं। मंगलवार देर रात को शुभम बस्ती में वापस लौट रहा था, तब चौथ माता मंदिर के पास उसे कुछ बदमाश युवकों ने रोक लिया। पहले इन लोगों में सामान्य कहासुनी हुई, जिसके बाद उन्होंने बाइक को पूरी तरह से तोड़ दिया। शुभम पर भी लोहे के सरिये और डंडों से हमला किया गया था।
शुभम लहूलुहान व गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसको मौके पर ही छोड़कर आरोपी फरार हो गए। शुभम को झालावाड़ रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्विनी गौतम, थानाधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया है. इसके साथ ही एमओबी और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर साक्ष्य भी एकत्रित किए हैं। शव को एमबीएस अस्पताल में मोर्चरी में शिफ्ट किया है. परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में हमलावरों की पड़ताल की जा रही है. घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौका स्थल और अस्पताल पर एकत्रित हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *