मासूम भतीजों की हत्या के बाद चाचा ने आत्महत्या की

धौलपुर। जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के पुरा सिकरौदा गांव में 21 अक्टूबर को मिले तीन शवों के मामले में पुलिस ने पूरा खुलासा कर दिया है। ये तीनों शव चाचा और दो भतीजों के थे। पुलिस जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद और आपसी मनमुटाव के चलते विष्णु कुशवाहा ने अपने दो मासूम भतीजों की हत्या करने के बाद आत्महत्या की थी। पांच दिन पहले दोनों बच्चों और विष्णु के शव गांव के खेतों में मिले थे। पुलिस ने मामले में परिजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच की है।
सीओ मनोहर लाल के अनुसार 21 अक्टूबर 2026 को सुबह सूचना मिली थी कि पुरा सिकरौदा गांव के खेतों में तीन शव पड़े हैं। सूचना पर कंचनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान विष्णु कुशवाहा पुत्र सीतौली, उम्र 25 वर्ष, निवासी पुरा सिकरौदा का शव बबूल के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका मिला। वहीं, उसके दो भतीजे सनी उर्फ रामकिशोर, उम्र करीब 8 वर्ष और मानस, उम्र करीब 6 वर्ष के शव पास के खेत में पड़े मिले। परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि परिवार में पिछले कुछ समय से आपसी संबंधों और पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर तनाव बना हुआ था। करीब 3 महीने पहले परिवार में विवाद के बाद परिजनों ने आपसी बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने के प्रयास किए, लेकिन मनमुटाव समाप्त नहीं हुआ। घटना से करीब 20 दिन पहले भी परिवार में विवाद हुआ था। इसके बाद पारिवारिक दूरी बढ़ गई थी। पुलिस के अनुसार, इन परिस्थितियों के चलते विष्णु मानसिक तनाव और नाराजगी में था।
इस बीच 20 अक्टूबर 2026 को विष्णु सुबह करीब 9 बजे बाइक से अपनी बहन के ससुराल ग्राम आक का पुरा, बसेड़ी पहुंचा। वहां कुछ देर रुकने के बाद वह वापस लौट आया। दोपहर को विष्णु ने अपने बड़े भाई के मोबाइल फोन से अपनी भाभी से बातचीत करने का प्रयास किया। बातचीत के दौरान पारिवारिक मनमुटाव को लेकर तनाव की स्थिति बनी। इसके बाद विष्णु दोनों बच्चों को अपने साथ ले गया। शाम करीब 5 बजे वह बच्चों को बाबू चौराहे पर लेकर पहुंचा, जहां से उनके लिए खाने-पीने का सामान खरीदा। इसके बाद वह दोनों बच्चों को लेकर गांव पुरा सिकरौदा के खेतों की ओर चला गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि खेत में दोनों बच्चों को नाश्ता करवाने के बाद विष्णु ने शराब का सेवन किया। इसके बाद उसने दोनों बच्चों के गले और मुंह को दबाकर उनकी हत्या कर दी। दोनों बच्चों की हत्या के बाद विष्णु ने खेत में ही बबूल के पेड़ के पास आत्महत्या कर ली। तीनों मृतकों के पोस्टमार्टम के दौरान दोनों बच्चों के गले पर चोट के निशान पाए गए। वहीं, विष्णु की गर्दन पर निशान मिले। विष्णु के शरीर पर अन्य स्थानों पर चोट के निशान नहीं पाए गए। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि विष्णु ने पहले दोनों बच्चों की हत्या की और फिर स्वयं आत्महत्या कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *