धौलपुर। जिले के सैपऊ थाना इलाके के भूरापुरा में 16 अप्रैल को पत्नी की हत्या कर फरार हुए पति ने आत्महत्या कर ली। पत्नी मथुरा देवी की पति ने लाठी और सरियों से निर्मम हत्या कर दी थी और फरार हो गया था। ऐसे में दो बच्चों के सिर से माता पिता का साया उठ गया है।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पिता की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया है। सहायक उप निरीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 2 दिन पूर्व पत्नी की हत्या करने वाले पति दिनेश ने आत्महत्या की है। घटनाक्रम की बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है।
घटनाक्रम के अनुसार 16 अप्रैल की रात्रि को भूरापूरा गांव में 40 वर्षीय दिनेश पुत्र जगदीश कुशवाहा ने चरित्र के शक में अपनी पत्नी मथुरा देवी कुशवाह की पीट-पीटकर हत्या की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार हो गया था। मृतका मथुरा देवी के मायके पक्ष ने पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ अनूप कुमार के नेतृत्व में पुलिस की दो टीम आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। बताया जा रहा है आरोपी ने यह कदम अपराधबोध के कारण उठाया है।
स्थानीय सैपऊ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया है। मृतक दिनेश की डेड बॉडी को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक के पिता जगदीश की मौजूदगी में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। घटनास्थल से एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। मथुरा देवी की शादी वर्ष 2011 में भूरा पुरा गांव निवासी दिनेश के साथ संपन्न हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों पति-पत्नी में विवाद शुरु हो गया था। पति दिनेश पत्नी मथुरा देवी पर चरित्र को लेकर शक करता रहता था। शक का शिकार होकर दिनेश ने पत्नी मथुरा की 16 अप्रैल की रात्रि को पीट-पीट कर हत्या कर दी। पूरे घटनाक्रम में दंपती के दो बच्चे अब अनाथ हो गए हैं।