पत्नी और दो मासूमों का गला रेता,पुलिस भी खुद ने बुलाई

जालौर। जालोर जिले में आज एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना में भीनमाल थाना क्षेत्र के दासपा गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद खुद आरोपी ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
वारदात बुधवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।थानाधिकारी राजेंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे हत्या की सूचना मिली। आरोपी मंगलाराम (40) पुत्र पदमाराम पुरोहित ने अपनी पत्नी दाड़मी देवी (39) और दो बच्चों नीकू (10) व हितेश (7) की निर्ममता से हत्या कर दी।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो तीनों के शव घर में चारपाई पर पड़े मिले। हत्या इतनी बेरहमी से की गई थी कि खून के छींटे दीवारों तक जा पहुंचे थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि आरोपी खेती का काम करता था और उसकी शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। उसके तीन बेटे और एक बेटी हैं। बड़ा बेटा गोपाल (18) दक्षिण भारत में काम करता है, जबकि एक अन्य बेटा मुकेश (14) घटना की रात अपने दादा के साथ दूसरे घर में सो रहा था, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *