कोटा । राजस्थान के कोटा के रहने वाले युवक ने सोशल मीडिया के जरिए विपक्ष के सांसदों को जान से मारने और राहुल गांधी को गोली से उड़ाने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में कार्यवाही करते हुए युवक को हिरासत में लिया है।
धमकी देने वाले ने खुद को भाजपा और करणी सेना का कार्यकर्ता बताया। इस पूरे प्रकरण को कांग्रेस के मीडिया चेयरपर्सन और आईसीसी मेंबर पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया के जरिए सार्वजनिक किया है।
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर जारी करने के बाद कोटा सिटी पुलिस एक्टिव हो गई और तत्काल आरोपी राज सिंह आमेरा को हिरासत में लिया। भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने इस पूरे मामले पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि राज सिंह आमेरा का भारतीय जनता पार्टी से कोई संबंध नहीं है। वह भाजपा का सदस्य भी नहीं है। मामले में पुलिस उस पर सख्त कार्रवाई करे। श्री राजपूत करणी सेना ने आरोपी युवक से किनारा कर लिया है। हालांकि युवक की लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ कई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल है।
पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया के जरिए इस मामले में भाजपा पर गंभीर आरोप लगा दिए हैं। उन्होंने भाजपा और आरएसएस को ‘गोडसे फैक्ट्री’ बता दिया है। विपक्ष के सांसदों को धमकी देने के मामले को उन्होंने सुनियोजित कपट पूर्ण साजिश भी बताया है। इस मामले में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
पूरे मामले को लेकर कोटा सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम का कहना है कि फिलहाल किसी ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया है। पुलिस ने स्वतः ही एक्शन लेते हुए राज सिंह को डिटेन किया है. वह किसी संगठन से जुड़ा हुआ है या नहीं ? अभी यह खुलासा नहीं हुआ है। संबंध का अनुसंधान के बाद ही क्लियर हो पाएगा, लेकिन यह वायरल वीडियो के आधार पर एक्शन लिया है। आरोपी राज सिंह आमेरा के खिलाफ अभी तक सूचना के अनुसार पूर्व में चार मुकदमे दर्ज हैं। इसने जिस तरह के कृत्य किए हैं, जिसमें नई क्रिमिनल प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।