बाइक पर युवती से छेड़छाड़ मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। जयपुर के मुहाना थाना इलाके में चलती बाइक पर युवती से छेड़छाड़ करने की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे।

जयपुर (दक्षिण) डीसीपी राजर्षि राज ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस घटना में बाइक सवार दो युवकों ने बाइक पर जा रही एक लड़की से छेड़छाड़ की थी। उनके पीछे बाइक पर चल रहे दो युवकों ने इस घटना का वीडियो बनाकर वायरल किया था। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुहाना थाने में मुकदमा दर्ज किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि यह घटना मुहाना थाना इलाके की है। हालांकि, यह घटना पिछले साल दिसंबर की है, जहां एक बाइक पर जा रही युवती से बाइक सवार मनराज और सुदामा मीणा ने छेड़छाड़ की। उनके दो साथियों ने इस घटना का अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। यह वीडियो 10 अप्रैल को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने मुहाना थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में टोंक जिले के रानीपुरा गांव निवासी 24 वर्षीय मनराज मीणा, सुदामा मीणा, 19 वर्षीय महेश बंजारा और दौसा जिले के कीरतपुरा निवासी 21 वर्षीय लोकेश बंजारा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मनराज के खिलाफ पहले पांच मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सुदामा, महेश और लोकेश के खिलाफ एक-एक मुकदमा दर्ज है। ये घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पहचान और हुलिया बदलकर फरारी काट रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *