जमीन नहीं दी,तो युवक को उठा ले गए,हत्या की

भरतपुर। जिले में हाईवे किनारे स्थित कीमती जमीन नहीं देने पर  युवक को उठाकर ले जाने और उसकी हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उद्योग नगर पुलिस थाना क्षेत्र के इस मामले में मृतक के चाचा ने पड़ोस में रहने वाले छह लोगों पर घर से जबरन उठाकर ले जाने, जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाने और विरोध करने पर लाठी, डंडों व फरसे से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोपियों में एक पुलिस का एएसआई बताया जाता है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उद्योग नगर थाना प्रभारी राजेश ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। शव का आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आरोपियों की भूमिका, घटनास्थल के साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।
मामले में नकुल ने उद्योग नगर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका भतीजा सुशील (25) पुत्र सुखदेव निवासी तुहिया के माता-पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका था। सुशील के नाम हाईवे किनारे स्थित एक कीमती जमीन है, जिस पर पड़ोस में रहने वाले लोगों की नजर थी। आरोपी लंबे समय से सुशील पर जमीन उन्हें देने का दबाव बना रहे थे, लेकिन वह अपनी जमीन किसी भी कीमत पर देने को तैयार नहीं था।

इसी रंजिश के चलते 20 जुलाई को शाम करीब 4:30 बजे जब सुशील अपने घर में सो रहा था, तभी ममता, योगेश, जयदेव, गजेंद्र, मिथलेश और संगीता उसके घर पहुंचे और जबरन घर से उठाकर अपने घर ले गए। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने वहां ले जाकर सुशील पर जमीन उनके नाम करने का दबाव बनाया। जब उसने साफ इनकार कर दिया तो सभी ने मिलकर उस पर लाठी, डंडों और फरसे से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *