ईशान के तूफान में उड़ा पाकिस्तान,भारत ने दी करारी शिकस्त

कोलंबो। टी20 विश्व कप के रोमांचक मुकाबले में भारत ने हमेशा की तरह पाकिस्तान को हरा दिया है। भारत ने आज के मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त दी। रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान पर रहते हुए सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया। वहीं पाकिस्तान की टीम को टूर्नामेंट में इस हार से झटका लगा है और उसकी राह मुश्किल हो गई है।

इससे पहले टॉस जीतकर पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। हालांकि टीम इंडिया को पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा के रूप में झटका लगा, जो खाता खोले बिना आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 27 गेंदों में फिफ्टी पूरी की और 40 गेंदों पर 77 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों पर 32 रन का योगदान दिया, जबकि शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 27 रन बनाए। तिलक वर्मा 25 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान की ओर से साइम आयूब ने तीन विकेट लिए, जबकि शाहीन अफरीदी, उस्मान और कप्तान सलमान अली आगा को एक-एक सफलता मिली।

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ओवर में ही साहिबजादा फरहान बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ओवर में साइम आयूब और कप्तान सलमान अली आगा को पवेलियन भेजकर पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया।
बाबर आजम भी 5 रन बनाकर आउट हो गए। उस्मान खान ने 34 गेंदों पर 44 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उन्हें अक्षर पटेल ने आउट कर दिया। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई।

भारत के लिए बुमराह, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लिए। कुलदीप यादव को भी एक सफलता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *