मामूली कहासुनी के बाद छोटे भाई ने बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या की

 

डूंगरपुर। जिले के निठाउवा थाना क्षेत्र के डूंगलई गांव में चाची और भतीजी के बीच बकरियां बांधने के विवाद में मामूली कहासुनी के बाद छोटे भाई ने बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। बीचबचाव के लिए आई भाभी पर भी चाकू से वारकर घायल कर दिया। घायल महिला को सागवाड़ा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जिले के निठाउवा थाने के सीआई मनोज कुमार ने बताया कि घायल देवली के अनुसार उसके पति कन्हैयालाल कपड़े सिलाई का काम करते थे। कन्हैयालाल पारसोला सिलाई के काम से गए थे। घर पर उसकी बेटी पुष्पा और उसके देवर सोहनलाल की पत्नी भुला के बीच बकरियों के लिए चारा डालने जैसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस विवाद से नाराज होकर सोहनलाल की पत्नी भुला अपने पीहर चली गई। जब सोहनलाल घर लौटा और उसे पता चला कि उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई है, तो वह आगबबूला हो गया। वह जबरन कन्हैयालाल के घर में घुस गया और चिल्लाने लगा कि तुम्हारी बेटी की वजह से मेरी पत्नी पीहर चली गई है।
इसी गुस्से में सोहनलाल ने अपने भाई कन्हैयालाल के पेट में चाकू मार दिया। जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। जब पत्नी देवली अपने पति को बचाने के लिए बीच में आई तो सोहनलाल ने उस पर भी चाकू से वार किया। चाकू उनके बाएं हाथ की कोहनी के आर-पार हो गया। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए निठाउवा ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सागवाड़ा रेफर किया गया। इलाज के दौरान कन्हैयालाल की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *