क्राइस्टचर्च। मैच पूरी तरह से न्यूजीलैंड की पकड़ में था,लेकिन तिलक वर्मा, नमन धीर और नितेश रेड्डी जैसे खिलाड़ियों ने मैच के आखिर ओवरों में तूफानी पारियां खेलते हुए भारत को दूसरे टी20 में रोमांचक जीत दिला दी। आखिरी के 5 ओवरों में भारत को जीत के लिए 68 रनों की जरूरत को पूरा करते हुए तिलक और रेड्डी ने शानदार बल्लेबाजी की और मैच को अपनी झोली में डाल दिया।
तिलक ने 26 गेंदों में 6 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 51 रन बनाए,जबकि नितीश रेड्डी 13 गेंदों में 1 छक्का और एक चौका के साथ 26 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 69 रनों की अहम और मैच जीतने वाली साझेदारी हुई।
इससे पहले नमन धीर ने 17 गेंदों 3 छक्के की मदद से 31 रनों की तेज पारी खेली और तिलक के साथ छठे विकेट के लिए 24 गेंदों में 42 रनों की साझेदारी करके मैच में अहम योगदान दिया। तिलक वर्मा को उनकी शानदार बल्लेबाजी की वजह से प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।
हालांकि 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक और संजू सैमसन ने पारी का आगाज किया और दोनों ने पहले विकेट के लिए 40 रनों की साझेदारी भी की। संजू 14 और अभिषेक 27 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद चोटिल ईशान किशन की जगह नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आए वैभव सूर्यवंशी 8 गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हो गए।
कप्तान अय्यर ने फिर निराश किया और केवल 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अक्षर पटेल भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और 11 रन बनाकर आउट हो गए। न्यूजीलैंड की तरफ से कप्तान मिशेल सेंटनर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में केवल 21 रन खर्च करके 4 विकेट झटके, लेकिन उनका ये जबरदस्त स्पेल उनकी टीम को जीत नहीं दिला सका।
इससे पहले टॉस हारकर न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 181 रनों का लक्ष्य रखा। 41 के स्कोर पर तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद मेजबान टीम ने शानदार वापसी की। इस दौरान ग्लेन फिलिप्स के 43 गेंद में 70 और बेवन जैकब के 46 गेंद में 58 रनों की पारी खेली। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी हुई, जिससे न्यूजीलैंड 20 ओवर में 5 विकेट पर 180 रन बनाने में सफल रहा। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर, प्रिंस और रेड्डी को एक-एक विकेट मिला।