कार डंपर में घुसी, पांच लोगों की दर्दनाक मौत

जयपुर। जिले के चाकसू इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर टिगरिया मोड़ के पास शनिवार अलसुबह भीषण सड़क हादसे में महिला समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना उसे वक्त हुई जब एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे डंपर में घुस गई,जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार कार सवार सभी लोग मध्यप्रदेश के जबलपुर के निवासी थे और दर्शन कर जयपुर की ओर आ रहे थे। हादसे की प्रारंभिक वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है।

चाकसू थाना प्रभारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे टिगरिया मोड़ के पास दुर्घटना हुई। कार कोटा-जयपुर मार्ग पर जा रही थी, तभी चालक को झपकी आने से वाहन आगे चल रहे डंफर में जा घुसा। टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गए। क्रेन की सहायता से वाहन को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।

हादसे में मृतकों में रेशमा श्रीवास्तव (55), पत्नी अखिलेश श्रीवास्तव, पीयूष पुत्र राजेश राय, रजक राहुल पुत्र बबलू रजक, चालक अनुराग और शानू सभी मृतक जबलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। रजक राहुल खेरमाई मंदिर के पास जबलपुर सिटी क्षेत्र का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार मृतका रेशमा श्रीवास्तव की बेटी पलक श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी मां दो दिन पहले उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए निकली थी। 13 फरवरी को दर्शन करने के बाद वे खाटू श्याम जी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। गाड़ी में सवार शानू पहले रेशमा का ड्राइवर रह चुका था। रजक राहुल, अनुराग का दोस्त था और पीयूष उनका परिचित था। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि पलक को अभी तक उनकी मां के निधन की जानकारी नहीं दी गई है, उन्हें केवल घायल होने की सूचना दी गई है।
दुर्घटना थाना सेकेंड के जांच अधिकारी जयसिंह ने बताया कि शवों को चाकसू की मॉर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की गहन पड़ताल कर रही है। तेज रफ्तार और नींद की झपकी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर है।

​टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग और वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालक तुरंत मदद के लिए दौड़े. कार के अंदर का नजारा बेहद हृदयविदारक था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मौके पर ही चार लोगों ने दम तोड़ दिया था। एक महिला गंभीर रूप से घायल थी, जिसे तुरंत एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन, इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *