कोलकाता । केकेआर के रिंकू सिंह (53) और अनुकूल रॉय (29) के बीच सातवें विकेट के लिए हुई 76 रनों की साझेदारी ने नाइट राइडर्स को इस सीजन पहली जीत दिला दी। 156 रनों के लक्ष्य को केकेआर ने 19.4 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल करते हुए राजस्थान को हरा दिया।
हालांकि एक समय केकेआर का स्कोर 6 विकेट पर 85 रन हो गया था और टीम का जीतना काफी मुश्किल लग रहा था,लेकिन इस समय खेलने आए अनुकूल रॉय के साथ रिंकू सिंह ने 37 गेंद पर 76 रनों की अटूट साझेदारी करके मैच को केकेआर के पक्ष में मोड़ दिया। रिंकू सिंह 34 गेंद में 53 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे। वहीं अनुकूल 16 गेंद में 29 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होने 1 चौका और दो छक्का लगाया।
राजस्थान के गेंदबाजों ने 156 रनों के बचाव में शानदार गेंदबाजी और आर्चर ने पहले ही ओवर में सिफर्ट को शून्य पर आउट करके शानदार शुरुआत दी थी। उसके बाद बर्गर ने दूसरे ओवर में कप्तान रहाणे को भी शून्य पर पवेलियन भेज दिया। जिसके बाद केकेआर मुश्किल में पड़ गई। उसके बाद रघुवंशी (10) और रोमन पावेल (23) को जडेजा ने पवेलियन का रास्ता दिखाय. जबकि कैमरून ग्रीन (27) को बिश्नोई ने स्टंप करका आउट किया। रमनदीप सिंह 10 रन बनाकर आउट हुए। राजस्थान की तरफ से जडेजा ने दो विकेट झटके, जबकि दूसरे चार गेंदबाजों ने एक-एक विकेट हासिल किया।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की शानदार शुरुआत रही और टीम ने पहले विकेट के लिए 8.4 ओवर में 81 रन जोड़े। वैभव 28 गेंद में 46 और जायसवाल 29 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद जब केकेआर ने अपने स्पिनरों के गेंद सौंपी तो फिर राजस्थान के बल्लेबाज ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक सके और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन ही बना सके। वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में केवल 14 रन खर्च करके 3 विकेट लिए, जिसकी वजह से उनको प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया। इसके अलावा सुनील नरेन ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए. जबकि कार्तिक त्यागी न 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लेने में सफल रहे।