मुंबई। यहां वानखेडे स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। जहां उसका मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में चौथी बार पहुंची है।
दूसरे सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। जिसमें संजू सैमसन के 42 गेंद में 89, किशन के 18 गेंद में 39, दुबे के 25 गेंद में 43, हार्दिक के 12 गेंद में 27 और तिलक के 7 गेंद में 21 रन सबसे खास थे. जिसकी वजह से भारत टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहा। इंग्लैंड की गेंदबाजी काफी कमजोर रही और जोफ्रा आर्चर जैसे गेंदबाज ने सबसे ज्यादा 4 ओवर में 61 रन खर्च कर दिए और सैम करन ने 4 ओवर में 53 रन लुटाए वहीं विल जैक्स और आदिल राशिद 2-2 विकेट लेने में सफल रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने काफी अच्छी कोशिश की,लेकिन टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी। जिसमें जैकब बेथल की शानदार ओर तेज 105 रनों की पारी सबसे खास रही, लेकिन वो अपनी टीम को फाइनल में नहीं पहुंचा सके। उन्होंने 48 गेंद में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 105 रन बनाए। इसके अलावा विल जैक्स 19 गेंद में 35 रनों की छोटी लेकिन अहम पारी खेली, और पांचवें विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी भी की। जिससे इंग्लैंड गेम में बना रहा,लेकिन बुमराह और हार्दिक की शानदार गेंदबाजी के चलते इंग्लैंड के विकेट नियमित अंतराल में गिरते रहे।
हार्दिक ने 4 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि बुमराह ने 4 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट लिए। वहीं दूसरे सभी गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिला। वरुण चक्रवर्ती भारतीय गेंदबाजों में सबसे महंगे रहे, उन्होंने 4 ओवर में 64 रन खर्च कर दिए। संजू को शानदार बल्लेबाजी की वजह से प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया। टूर्नामेंट का फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा