विधानसभा में उठा स्वर्णकारों की परेशानी का मुद्दा

 

सराफा बाजारों में स्वर्णकारों को अनावश्यक परेशान किए जाने का मुद्दा विधानसभा में उठाया

जयपुर। सूरतगढ़ के विधायक डूंगरराम गेदर ने राजस्थान विधानसभा में प्रदेश के विभिन्न जिलों के सराफा बाजारों में कार्यरत स्वर्णकारों से जुड़ी गंभीर समस्या का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सराफा बाजारों में कार्यरत स्वर्णकार लंबे समय से सोना-चाँदी और आभूषणों का वैध व्यवसाय करते हुए स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रहे हैं। वे रोजगार सृजन, व्यापारिक गतिविधियों और राजस्व वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उनकी विश्वसनीयता पर ही आम जनता का विश्वास टिका रहता है, जिससे बाजार व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती है।

हाल के समय में यह शिकायतें सामने आई हैं कि आपराधिक प्रकरणों में गिरफ्तार आरोपियों के कथनों के आधार पर कई स्थानों पर पुलिस द्वारा बिना ठोस साक्ष्य के स्वर्णकारों की दुकानों पर बार-बार दबिश दी जा रही है। कई मामलों में संबंधित स्वर्णकारों का आरोपियों से कोई संबंध नहीं होता और न ही किसी प्रकार का अवैध लेन-देन किया गया होता है, फिर भी संदेह के आधार पर की जा रही कार्रवाई से उनमें भय और असुरक्षा का वातावरण बन रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यवाहियों के कारण सराफा बाजारों का सामान्य व्यापार प्रभावित हो रहा है, प्रतिष्ठानों की साख धूमिल हो रही है तथा समाज में उनकी वर्षों से स्थापित प्रतिष्ठा को आघात पहुँच रहा है।

विधायक गेदर ने कहा कि यदि किसी विशेष मामले में जांच आवश्यक है तो वह पूरी तरह विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत की जानी चाहिए। संपूर्ण स्वर्णकार समुदाय को संदेह के आधार पर परेशान करना उचित नहीं है।

उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि इस विषय की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा निर्दोष स्वर्णकारों को संरक्षण प्रदान किया जाए, ताकि व्यापारिक वातावरण में विश्वास और सुरक्षा की भावना बनी रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *