गुरु पूर्णिमा पर भूतेश्वर धाम में बही भक्ति की गंगा

जयपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विद्याधर नगर स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बने श्री रघुनाथ एवं हनुमान मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और गुरु वंदना का अनुपम संगम देखने को मिला। महंत बालकिशन महाराज के सान्निध्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु का आशीर्वाद प्राप्त कर भगवान श्री रघुनाथ एवं हनुमानजी के दर्शन किए तथा परिवार, समाज और विश्व के कल्याण की मंगलकामना की।

इस अवसर पर महंत बालकिशन महाराज ने कहा कि ‘गुरु के बिना ज्ञान अधूरा है, गुरु ही अज्ञान के अंधकार को दूर कर जीवन को सत्य, सेवा और सदाचार के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। गुरु केवल शिक्षा नहीं देते, बल्कि जीवन जीने की सही दिशा भी प्रदान करते हैं।’ उन्होंने श्रद्धालुओं से गुरु परंपरा का सम्मान करते हुए सेवा, संस्कार, गौसंरक्षण और रामभक्ति को अपने जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। महाराज ने कहा कि गुरु का सान्निध्य मनुष्य को आत्मबल, संयम और आध्यात्मिक चेतना प्रदान करता है। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही जीवन सार्थक बनता है और

समाज में प्रेम, सद्भाव तथा मानवता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से जरूरतमंदों की सेवा, गौसेवा और धर्म के साथ मानव कल्याण के कार्यों में सहभागी बनने की प्रेरणा दी। गुरु पूर्णिमा पर मंदिर परिसर में रामायण पाठ, भजन-कीर्तन, सामूहिक प्रार्थना और गुरु पूजन का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और जय श्रीराम तथा जय हनुमान के जयघोष गूंजते रहे। महंत बालकिशन महाराज ने कहा कि गुरु का आशीर्वाद ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। गुरु का मार्गदर्शन मनुष्य को सत्य, धर्म और कर्तव्य के पथ पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए जीवन में सेवा, सदाचार और रामभक्ति की ज्योति निरंतर प्रज्वलित रखने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *