बाप के कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल,डोटासरा बोले व्यक्तिवाद से कांग्रेस को नुकसान

जयपुर। पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के साथ जाकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के घर बाप कार्यकर्ताओं की कांग्रेस जॉइनिंग पर विवाद हो गया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस बात को लेकर मालवीय की क्लास भी लगाई।

दरअसल भारत आदिवासी पार्टी (बाप) के करीब 100 से ज्यादा कार्यकर्ता गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए। इस दौरान पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय और कांग्रेस नेता दिनेश खोड़निया भी मौजूद रहे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए गहलोत ने भारत आदिवासी पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि बाप पार्टी कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रही है और फायदा बीजेपी को मिल रहा है

गहलोत ने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी अपने प्रत्याशी खड़े करती है, त्रिकोणीय मुकाबला होता है और इसका फायदा बीजेपी को मिलता है। बीजेपी को इसका फायदा नहीं मिलना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में क्या हो रहा है, युवा पीढ़ी सड़कों पर आ रही है। राहुल गांधी ने जिस प्रकार से आह्वान किया। छात्रों के लिए संघर्ष किया, वो सबके सामने है। गहलोत ने कहा कि अब बीजेपी और नरेंद्र मोदी का ग्राफ नीचे गिर रहा है। इसलिए मैं समझता हूं कि भारत आदिवासी पार्टी को भी वापस कांग्रेस में शामिल हो जाना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा आदिवासियों को प्राथमिकता दी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आदिवासी नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय के पुनः कांग्रेस पार्टी में शामिल होने को लेकर कहा कि मालवीय कुछ गलतफ​हमियों के चलते पार्टी छोड़कर चले गए थे। उनके समय में वागड़ क्षेत्र में विकास के खूब काम हुए थे। बहुत सारे कांग्रेस कार्यकर्ता भारत आदिवासी पार्टी में चले गए थे, लेकिन मालवीय के पुनः कांग्रेस में आने के बाद उन कार्यकर्ता की भी इच्छा थी कि वो वापस कांग्रेस में जाएं। उन्होंने अपनी निष्ठा सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह के प्रति प्रकट की थी। उनका कहना था कि वो जिंदगी भर कांग्रेस में रहे हैं। कांग्रेस ने जो अच्छे काम किए थे, आज सबको याद आ रहे हैं। गहलोत ने कहा कि 1 जुलाई से मनरेगा के काम बंद हो गए हैं। इसीलिए आज भारत आदिवासी पार्टी में गए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस में वापसी की है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया के प्रदेश में ढाई साल के बाद कांग्रेस की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के हर गांव–घर में भजनलाल सरकार के कामकाज को लेकर चर्चा हो रही है। इन्होंने ढाई साल जनता के कोई काम नहीं किए। कांग्रेस पार्टी चाहती है भजनलाल सरकार सुशासन दे और 5 साल शासन कर जनता के काम करे। हमारी रुचि उनकी सरकार में नहीं बल्कि सुशासन में है।

इधर भारत आदिवासी पार्टी के कार्यकर्ताओं की पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आवास पर हुई जॉइनिंग पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि “व्यक्तिवादी पूजा से कांग्रेस ने बहुत नुकसान झेला है। मैं जब तक कांग्रेस में हूं किसी व्यक्ति का नारा नहीं लगाऊंगा।”

डोटासरा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में महेंद्रजीत सिंह मालवीय की मौजूदगी में कहा कि महेंद्रजीत सिंह मालवीय कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा में गए थे। न विधायक बन पाए न ही सांसद बन पाए, क्योंकि इनकी भी कांग्रेस के बगैर पार नहीं पड़ पाई,अब वापस कांग्रेस में आ गए हैं, अगर इनमें दम है तो वापस किसी दूसरी पार्टी में चले जाएं और चुनाव जीतकर बता दें तो मेरा नाम बदल देना।
डोटासरा ने कहा कि महेंद्रजीत सिंह मालवीय भाजपा में चले गए थे। हमने उन्हें चैलेंज करके चुनाव हराया था। पार्टी हाईकमान ने नहीं कहा था कि भारत आदिवासी पार्टी से समझौता करो, लेकिन हमने अपने स्तर पर समझौता किया और इन्हें चुनाव हराया और नरेंद्र मोदी की एक सीट कम की।

डोटासरा ने महेंद्रजीत सिंह मालवीय पर तंज कसते हुए कहा कि महेंद्रजीत सिंह मालवीय कांग्रेस में मुझसे बड़े नेता थे। कांग्रेस वर्किंग कमेटी का सदस्य थे, लेकिन एक गलती की वजह से आज मेरे पीछे खड़े हैं। पार्टी हाई कमान ने इन्हें फिर से कांग्रेस में शामिल किया है, अगर मेरी सिफारिश नहीं होती तो मालवीय कांग्रेस में दोबारा नहीं आते । डोटासरा ने कहा कि महेंद्रजीत सिंह मालवीय कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में चले गए थे। उनके साथ कई कांग्रेस के कार्यकर्ता बीजेपी और भारत आदिवासी पार्टी में चले गए थे, लेकिन अब वो कांग्रेस में आ रहे हैं, अगर कांग्रेस मुख्यालय में कोई भी कांग्रेस का दुपट्टा पहन के आएगा तो मैं उसका स्वागत करूंगा, अगर बीजेपी का नेता भी कांग्रेस का दुपट्टा पहन कर आएगा तो वो मेरे लिए भगवान के बराबर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *