बूंदी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बूंदी जिले के हिंडोली में लगभग 70 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के साथ महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती पर आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर तीखे हमले बोलते हुए कहा कि अब राजस्थान में भ्रष्टाचार करने वालों के लिए सिर्फ जेल के दरवाजे खुले हैं। उन्होंने हिंडोली में महात्मा फुले का भव्य पैनोरमा, आधुनिक म्यूजियम और पुस्तकालय की स्थापना और 21 फीट की भगवान राम की प्रतिमा बनाने की घोषणा की।
भजनलाल शर्मा ने यहां घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के हर जिले में महात्मा फुले आदर्श विद्यालय खोले जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा और सम्मान पहुंचे। मुख्यमंत्री ने रामसागर झील के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देते हुए कहा कि इसके पहले चरण के बाद अब दूसरे चरण के विकास कार्य भी जल्द शुरू किए जाएंगे। उन्होंने इसे पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर था और आम जनता परेशान थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक आम बात थी। युवाओं का भविष्य बर्बाद किया गया। सीएम ने बताया कि हमारी सरकार आने के बाद से आज 400 से ज्यादा आरोपी जेल में हैं और जांच जारी है। सीएम ने कहा कि जल जीवन मिशन में नकली पार्ट्स डालकर करोड़ों का घोटाला किया गया। सीएम ने सख्त लहजे में कहा, लाइन लग चुकी है जेल जाने की, हम किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शने वाले नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार विकास और पारदर्शिता के एजेंडे पर काम कर रही है। उन्होंने कहा दो साल बनाम पांच साल की बात करने वालों के पास कोई जवाब नहीं है। दिल्ली जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि हम विकास के लिए दिल्ली जाते है,होटलों में आराम करने नहीं। सीएम ने कहा कि मैं अपनी जनता के बीच रहकर काम करता हूं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, पहले की सरकार ने देश को खोखला किया, लेकिन अब हम विकास की नई इबारत लिख रहे हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने रामसागर झील पहुंचकर विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास कर पूजन किया। इससे पहले हिंडोली के हेलीपेड पर प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर, जल संसाधन मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक गोपीचंद मीना और पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी सहित भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।