जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री के किसान होने पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के पास एक बीघा जमीन भी नहीं है, तो फिर वो किसान कैसे हुए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री का एक वीडियो और उनके नाम दर्ज जमीन का फोटो पोस्ट करते हुए सवाल किए। डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल जी, आपका एफिडेविट बता रहा है कि आपके नाम कृषि भूमि का केवल 350 वर्ग मीटर का प्लाट है, यानी 1 बीघा जमीन भी नहीं, फिर आप कहां के किसान हो? और किसानों का मजाक बनाकर उनका अपमान कर रहे हों। पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री मेहरबानी करके खुद को किसान बताना और AC कमरों में बैठकर खेती-किसानी का हिसाब लगाना छोड़ दीजिए।
डोटासरा ने कहा कि एक मुख्यमंत्री का ये कहना कि ‘किसान सिर्फ साल में 25-30 दिन खेत में काम करता है’, न सिर्फ अन्नदाता का अनादर व हास्यास्पद है, बल्कि खेती पर आपकी समझ एवं संवेदनहीनता को दर्शाता है। डोटासरा ने कहा कि सालभर हर मौसम की मार झेलने वाला किसान खेत में कड़ी मेहनत, खून-पसीना और जज्बात झोंकता है। उसके संघर्ष को 25-30 दिन से तोलना और अहंकार में मजाक बनाना शर्मनाक है। आपको अपने बयान के लिए किसानों से माफी मांगनी चाहिए।