जैसलमेर। यहां के मेघा गांव में एक दर्दनाक हादसे में बारिश के दौरान टूटी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक रात के समय खेत की ओर जा रहे थे और अंधेरे में सड़क पर गिरे बिजली के तार को देख नहीं सके।
सांगड थाना प्रभारी राजेश विश्नोई ने बताया कि मेघा गांव निवासी चचेरे भाई विक्रम सिंह (25) और राजू सिंह (20) रात में करीब 9 बजे अपने घर से मेघापार स्थित खेत के लिए निकले थे। परिजनों ने बताया कि दिनभर बारिश होती रही और देर रात कुछ समय के लिए मौसम साफ होने पर दोनों खेत जाने के लिए रवाना हुए।
रास्ते में चेलक-मेघा मार्ग पर 11 केवी की बिजली लाइन का तार बारिश के कारण टूटकर सड़क पर गिर गया था। अंधेरा होने के कारण दोनों युवक इस खतरे को पहचान नहीं पाए और सीधे तार की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरी रात उनके शव वहीं पड़े रहे।