बाड़मेर। यहां स्थित हॉस्टल में एक छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना करने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया छात्रा हॉस्टल में रहकर बीएसटीसी की तैयारी कर रही थी। छात्रा का शव हॉस्टल की कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा।
इस मामले को लेकर बाड़मेर उपाधीक्षक रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि शहर के नेहरू नगर स्थित हॉस्टल के कमरे में बायतु थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय छात्रा का शव मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा के परिजनों को सूचना देने के साथ घटना स्थल का मौका मुआयना किया। छात्रा गर्ल्स हॉस्टल में रहकर बीएसटीसी की पढ़ाई कर रही थी, जिसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच की जाएगी। छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे हैं, उनकी मौजूदगी में एफएसएल टीम को बुलाने के साथ ही बंद कमरे को खुलवाया गया और डेड बॉडी को मोर्चरी में भिजवाया गया। फिलहाल पुलिस अन्य छात्राओं से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद हॉस्टल में रह रही एक अन्य छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।