बाड़मेर। निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने एक प्रदर्शन के दौरान खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया,तो हंगामा हो गया। मामले के अनुसार
जिले के गिरल लिग्नाइट माइंस में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे श्रमिकों, ड्राइवरों और ग्रामीणों ने मंगलवार को शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट कार्यालय के लिए कूच किया। कलेक्ट्रेट पहुचने पर विधायक भाटी ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क लिया और खुद को आग के हवाले करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उनके समर्थकों को दूर हटाया।
इससे पहले सभा को संबोधित करते हुए शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा कि 11 अप्रैल से यह आंदोलन चल रहा है। गिरल के इस आंदोलन की गूंज जयपुर और दिल्ली तक है। भाटी ने कहा कि इसके बाद यह लोग मेरे पास आए और अपनी बात सुनाते हुए आंदोलन में शामिल होने का आग्रह किया। भाटी ने कहा कि चुनाव में मैने क्षेत्र के लोगों के वादा किया था कि जब भी उन्हें जरूरत होगी, तो उनके साथ खड़ा रहूंगा। भाटी ने कहा कि इनकी वाजिब मांगों को लेकर अधिकारियों से बात की, लेकिन बातचीत में सकारात्मकता नजर नहीं आई और अपने वादे को निभाते हुए 5 मई से आंदोलन में शामिल होकर इनके साथ धरने पर बैठा। भाटी ने कहा कि 40 दिनों से ये लोग 50-55 डिग्री सेल्सियश तापमान में तपती गर्मी में धरने पर बैठे हैं। एसी कमरों में बैठे जिम्मेदार लोग श्रमिकों के भविष्य का समझौता और सौदा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ये लोग 25 दिनों से धरने पर बैठे हुए थे। अगर जिम्मेदार लोगों ने इनकी सुध ली होती, तो मुझे धरने पर बैठने की नौबत नहीं आती। रविंद्र सिंह भाटी ने गिरल और आसपास की माइंसों में पिछले तीन दशकों से श्रमिकों के शोषण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि 1994 से लेकर 2026 तक लगातार मजदूरों की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा कि गिरल, आकली, थुमली, सोनड़ी और आसपास की माइंसों में काम करने वाले मजदूरों की आवाज कभी प्रभावी तरीके से नहीं उठाई गई।
इसके बाद भाटी ने कहा कि कि अब यहां आकर भी किसी ने वार्तालाप नहीं की। ऐसे में उन्होंने अपनी वाजिब मांगों का ज्ञापन देने के लिए बाड़मेर जिला मुख्यालय पर शांति पूर्ण तरीके से कूच करने का आह्वान किया साथ ही उन्होंने सभी से कहा कि कोई भी परिस्थिति बने, लेकिन कानून को अपने हाथ में नहीं लेना है। इसके बाद जनसमूह के साथ विधायक भाटी ने बाड़मेर के लिए कूच किया। भाटी के बाड़मेर कूच को देखते हुए पुलिस ने कलेक्टर कार्यालय के आगे अतिरिक्त जाप्ता तैनात करने के साथ ही सर्किट हाउस रोड पर बैरिकेड लगाकर पुलिस जवानों की तैनाती की।