फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, राशनिंग भी शुरू हुई

 

जयपुर / नई दिल्ली। देश में चार दिन में ही दूसरी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। पेट्रोल की कीमत में 94 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद जयपुर में पेट्रोल का नया भाव 108 रुपए 91 पैसे प्रति लीटर हो गया है। वहीं, डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है और इसके नए दाम 94 रुपए 14 पैसे प्रति लीटर पहुंच गए है। इससे पहले बीते शुक्रवार 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दामों में 3-3 रुपये की वृद्धि की गई थी।

तेल कंपनियों ने मंगलवार सुबह पेट्रोल-डीजल के दामों में करीब 91 पैसे की बढ़ोत्तरी की है। यह एक सप्ताह में दूसरी बार रेट्स बढ़ाए गए हैं. नए दाम आज से लागू हो गए हैं। लगातार बढ़ रहे ईंधन के दामों का असर आम आदमी के बजट पर दिखने लगा है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से सार्वजनिक परिवहन और माल ढुलाई की लागत बढ़ेगी, जिससे अन्य जरूरी वस्तुओं के दाम भी प्रभावित हो सकते हैं। ईंधन की कीमतों में वृद्धि का असर खाद्य पदार्थों, सब्जियों और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर भी देखने को मिल सकता है।

पेट्रोल डीजल की कीमतों में वृद्धि के साथ ही अब पेट्रोल डीजल की राशनिंग से भी लोगों को परेशानी का समना करना पड़ रहा है। जयपुर सहित प्रदेश के पेट्रोल पंपों पर इन दिनों पेट्रोल-डीजल से ज्यादा चर्चा एक नए अनौपचारिक नियम की हो रही है। कई पंपों पर ग्राहकों को 4,900 रुपए से अधिक का पेट्रोल देने से मना किया जा रहा है, जबकि कुछ जगहों पर डीजल और पेट्रोल की मात्रा भी तय कर दी गई है। हालांकि इस पूरे मामले में अब तक कोई आधिकारिक आदेश सामने नहीं आया है, लेकिन नियम लागू हो गए हैं।

राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अनुसार तेल कंपनियों की ओर से मौखिक निर्देशों के जरिए बिक्री की सीमा तय की जा रही है। कहीं 49 लीटर पेट्रोल और 200 लीटर डीजल की सीमा तय की गई है, तो कहीं 4,900 रुपए तक पेट्रोल और 50,000 रुपए तक डीजल देने की बात कही जा रही है। इसे लेकर जयपुर सहित कई पेट्रोल पंपों पर नोटिस भी लगा दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *