गहलोत का दावा – अगली बार कांग्रेस की सरकार बनेगी, कोई रोक नहीं सकता

 

एकजुट कांग्रेस पंचायतीराज चुनाव में जीत दर्ज करेगी, अगली बार कांग्रेस की सरकार बनेगी, कोई रोक नहीं सकता: अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान

-निकाय चुनाव में आजादी के बाद पहली बार ऐसी गुंडागर्दी, मुख्यमंत्री ईमानदार हैं तो पंचायत चुनाव में बाड़ाबंदी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाएं

जयपुर, जोधपुर जैसे शहरों में कांग्रेस करीब 15-15 हजार वोटों से आगे, मेयर का सीधा चुनाव होता तो कांग्रेस के मेयर बनते

राजस्थान कांग्रेस देश में एकता की मिसाल, अब यही एकता गांव-गांव तक ले जानी है

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राजस्थान कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और अगली बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता। बुधवार को मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा, “मुझे एक बात कहनी है। आप हमेशा पूछते हो कि कांग्रेस में एकता नहीं है। आज आपने देख लिया, सब एक हैं, एकजुट हैं, और अगली बार कांग्रेस की सरकार बनेगी, कोई रोक नहीं सकता। अगली बार कोई नहीं पूछेगा कि कांग्रेस में एकता नहीं है, यह पूरी एकता आपके सामने खड़ी है।”

हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनावों पर गहलोत ने कहा कि इन चुनावों में जो गुंडागर्दी हुई, वह आजादी के बाद राजस्थान में पहली बार देखने को मिली है। कांग्रेस के जीते हुए पार्षदों को कैंपों से उठाकर ले जाया गया। उन्होंने कहा, “अगर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा में ईमानदारी है, तो आगामी पंचायत चुनावों में उन्हें बाड़ाबंदी पर पूर्ण प्रतिबंध लगा देना चाहिए। लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे।”

गहलोत ने कहा कि भाजपा देश को यह जताना चाहती है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मजबूत हो गए हैं, जबकि नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के वोट प्रतिशत में सिर्फ 0.94 प्रतिशत का अंतर रहा। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में सत्ताधारी दल को स्वाभाविक रूप से ज्यादा वोट मिलते हैं, इसलिए यह कोई बड़ी बात नहीं है। जयपुर और जोधपुर जैसे शहरों में कांग्रेस भाजपा से लगभग 15-15 हजार वोटों से आगे रही। इसका मतलब है कि अगर मेयर के सीधे चुनाव होते, तो वहां कांग्रेस के मेयर बनते।

इससे पहले गहलोत ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को लेकर आयोजित जिला अध्यक्षों, प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान पूरे देश में कांग्रेस की एकता की मिसाल है और प्रदेश स्तर पर दिख रही इस एकता को अब जिलों, ब्लॉकों और गांव-गांव तक ले जाना है। उन्होंने कहा, “सबको मिलकर काम करना है। जो एकता प्रदेश कांग्रेस में दिख रही है, वही भावना आपको जिलों में लेकर जानी है। प्रदेश में कोई लड़ाई नहीं है, यही बात आप जिलों में जाकर लोगों को बताएं।” उन्होंने आगाह किया कि पंचायत चुनावों में भी बड़ी चुनौती सामने है और भाजपा बाड़ाबंदी समेत वही तौर-तरीके अपना सकती है।

गहलोत ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र को बचाने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्षों का चयन पूरी प्रक्रिया के बाद किया गया है और श्री राहुल गांधी ने इस प्रक्रिया पर विश्वास जताते हुए इसे अंतिम रूप दिया है। इसलिए जिला अध्यक्ष अपनी जिम्मेदारी को छोटा न समझें।

टिकट वितरण पर गहलोत ने कहा कि जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी है कि जीतने वाले उम्मीदवार को ही टिकट मिले। सभी के आकलन को ध्यान में रखा जाए और यह न देखा जाए कि कौन किसका आदमी है। उन्होंने कहा कि वे किसी के टिकट के लिए सिफारिश नहीं करेंगे, क्योंकि किस क्षेत्र में कौन जीत सकता है, इसका सही आकलन स्थानीय स्तर पर ही बेहतर हो सकता है।

गहलोत ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरी एकजुटता के साथ पंचायत चुनावों की तैयारी में जुटना होगा। उन्होंने कहा, “कृपा करके आज के बाद यह भावना रहनी चाहिए कि सब नेता एक हैं। राजस्थान देश में एकता की मिसाल है।” उन्होंने कहा कि यही भावना संगठन को मजबूत करेगी और पंचायतीराज चुनाव में कांग्रेस की सामूहिक ताकत जीत के रूप में सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *