अलवर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को अलवर जिले के पिनान के नजदीक चैनल नंबर 100 इंटरचेंज पुलिया पर सुबह भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। इसमें इंदौर से दिल्ली जा रही एक ट्रैवल्स बस एक्सप्रेसवे पर खड़े केमिकल के ड्रमों से भरे ट्रक में जा घुसी। हादसे में मरने वालों में ट्रैवल्स बस के चालक समेत तीन लोगों हैं। जबरदस्त टक्कर में बस में सवार करीब 30 यात्री घायल हो गए।
राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पिनान के समीप स्थित चैनल नंबर 100 इंटरचेंज पुलिया पर मंगलवार सुबह एक ट्रैवल्स बस वहां खड़े केमिकल से भरे ड्रमों के ट्रक से टकराने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि घटना में बस में सवार तीन लोगों की मौत हुई है और करीब 30 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को एनएचआई की एंबुलेंस से पिनान स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया गया।
गंभीर घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पिनान से जिला अस्पताल अलवर के लिए रेफर किया गया है। घटना में गंभीर घायल कुछ यात्रियों की हालत नाजुक होने के कारण जिला अस्पताल अलवर से जयपुर के लिए रेफर किया गया है। मृतकों के शवों को पिनान सीएचसी पर रखवाया गया है। अभी हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण ट्रैवल्स बस की तेज रफ्तार व लापरवाही बताया जा रहा है. हादसे में बस चालक, एक बालक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल महिला के अनुसार एक्सप्रेसवे पर पिनान चैनल नंबर 100 इंटरचेंज के पास केमिकल के ड्रमों से भरा ट्रक खड़ा था। सुबह तेज गति के चलते ट्रैवल्स बस ट्रक में जा घुसी, जिससे बस में सवार यात्रियों को चोटें आई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक में केमिकल से भरे ड्रम एक्सप्रेसवे पर आ गिरे।
ट्रैवल्स बस दिल्ली की ओर जा रही थी। बस में ज्यादातर यात्री नींद में थे। सुबह अचानक हुए हादसे के बाद लोगों की नींद खुली और वहां चीख पुकार मच गई। बाद में यात्रियों को बस से उतार कर पिनान अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया. पुलिस व एनएचआई टीम ने जेसीबी से सड़क पर बिखरे केमिकल से भरे ड्रमों को हटवाकर एक्सप्रेस पर यातायात सुचारू कराया।