हैदराबाद। आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने टेबल टॉपर राजस्थान को 57 रनों से मात दी। इस जीत के हीरो रहे साकिब हुसैन और प्रफुल हिंज रहे, जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही 4-4 विकेट झटके और राजस्थान की पूरी बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। यह राजस्थान की पहली हार है।
मुकाबले में टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया,जो गलत साबित हुआ और हैदराबाद ने ईशान किशन के तूफानी 91 रनों के दम पर राजस्थान के सामने 217 रनों का लक्ष्य रख दिया। जवाब में उतरी राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ही ओवर में एक रन पर तीन विकेट खो दिए। ओपनर वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी दोनों ही फ्लॉप रहे। यहां राजस्थान की टीम 159 पर सिमट गई।
217 रनों के जवाब में उतरी राजस्थान के प्रफुल्ल ने अपने पहले ही ओवर में 3 विकेट गिरा दिए। वैभव सूर्यवंशी, जुरेल और प्रोटेरियस तीनों अपना विकेट गंवा बैठे। अगले ओवर में यशस्वी भी 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद रियान पराग भी सस्ते में निपट गए,लेकिन फिर फरेरा और जडेजा ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए शतकीय साझेदारी निभाई। 15वें ओवर में फरेरा का विकेट भी गिर गया। फरेरा ने 69 रन बनाए। इसके बाद अगले ही ओवर में जडेजा भी अपना विकेट गंवा बैठे। आखिरकार राजस्थान की पारी 159 के स्कोर पर ही सिमट गई।
साकिब हुसैन और प्रफुल हिंज को ईशान किशन की कप्तानी में आज डेब्यू का मौका मिला था। मौके को भुनाने हुए प्रफुल ने 4 ओर में केवल 34 रन खर्च किए और 4 विकेट झटके। इसमें पहले ही ओवर में उन्होंने 3 विकेट लिए थे। जिसमें वैभव का भी विकेट शामिल था। वहीं साकिब ने 4 ओवर में केवल 24 रन खर्च किए और 4 विकेट झटके। डेब्यू कर रहे इन दोनों गेंदबाजों ने कुल 8 विकेट लिए।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी हैदराबाद को पहली ही गेंद पर झटका लगा और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले जोफ्रा आर्चर का शिकार बन गए। इसके बाद ट्रेविस हेड और ईशान किशन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने 6 ओवर यानी पावरप्ले में हैदराबाद का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया, लेकिन 7वें ओवर में हैदराबाद को दूसरा झटका लगा जब ट्रेविस हेड 18 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन नहीं रुके और केवल 30 गेंदों में शानदार फिफ्टी लगाई। फिफ्टी जड़ने के बाद ईशान ने तूफानी अंदाज में बैटिंग की और 11वें ओवर में टीम का स्कोर 100 का पार पहुंचा दिया। हैदराबाद को तीसरा झटका 14वें ओवर में लगा जब ईशान किशन 91 रन बनाकर आउट हो गए। ईशान ने अपनी पारी में 44 गेंदों का सामना किया और 8 चौके और 6 छक्के जड़े।
इसके बाद हेनरिक क्लासेन 26 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, नीतीश रेड्डी ने 13 गेंद में 28 रन बनाए। जिसके दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट खोकर 216 रन बनाए।